इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में बुधवार रात बदमाशों ने एक कार पर पथराव कर उसके कांच तोड़ दिए। घटना भोलेनाथ कॉलोनी की बताई जा रही है। देर रात हुए इस घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार मालिक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
एडीशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक अशुल बाटली, गट्टू और छोटू काले ने मिलकर कार पर पथराव किया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कार मालिक और आरोपियों के बीच मारपीट हुई थी। उस दौरान आरोपी पक्ष के कुछ लोग चाकूबाजी की घटना में घायल हुए थे। पुलिस का मानना है कि उसी रंजिश के चलते बदले की नीयत से कार को निशाना बनाया गया।
इंदौर: सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा ऐसी वारदात न हो।
चंदन नगर में भी हुई थी तोड़फोड़
इसी तरह की एक अन्य घटना में चंदन नगर पुलिस ने तीन दिन पहले कारों के कांच फोड़ने वाले बदमाश सावन को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे इलाके में पैदल घुमाकर कार्रवाई का संदेश दिया। इस दौरान आरोपी ने लोगों से माफी भी मांगी। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई की स्थानीय रहवासियों ने सराहना की।
पुलिस ने दिया सख्ती का भरोसा
चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि इलाके में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ या उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एरोड्रम क्षेत्र की घटना के बाद भी पुलिस सतर्क है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
