भोपाल के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लोहा बाजार और लखेरा बाजार में गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब व्यापारियों ने एक बुर्का पहने महिला को दुकानों के सामने कथित तौर पर मांस के टुकड़े फेंकते हुए पकड़ लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला के हाथों में पहने ग्लव्स पर लाल रंग के निशान दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें लेकर विवाद खड़ा हुआ।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले एक-दो महीने से बाजार क्षेत्र, जहां मंदिर और जैन मंदिर स्थित हैं, वहां मांस के टुकड़े डाले जा रहे थे। उनका आरोप है कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही थीं और माहौल खराब होने की आशंका बनी हुई थी। व्यापारियों ने महिला को रोककर इस संबंध में सवाल-जवाब किए।
भोपाल के लोहा बाजार में हंगामा
वायरल वीडियो में कुछ व्यापारी महिला से बहस करते नजर आ रहे हैं। महिला के दस्तानों पर लाल धब्बे दिख रहे हैं, जिन्हें व्यापारी मांस का खून बता रहे हैं। वीडियो में व्यापारी उससे जुड़े एनजीओ का नाम पूछते सुनाई देते हैं। महिला खुद को एक एनजीओ से जुड़ा बताती है और कहती है कि वह कुत्तों को खाना खिला रही थी। इस दौरान 112 नंबर पर कॉल करने की बात भी कही जाती है। कुछ लोग महिला की कार की चाबी अपने पास रखने की बात कहते सुनाई देते हैं और पहले थाने चलकर बात करने की बात करते हैं।
“गाड़ी से मिला मांस जैसा पदार्थ”
लोहा बाजार के एक व्यापारी प्रतीक ने बताया कि महिला को पहले भी समझाइश दी गई थी कि बाजार और धार्मिक स्थलों के आसपास इस तरह की गतिविधि से विवाद हो सकता है। उनका दावा है कि महिला की गाड़ी से मांस जैसा पदार्थ मिला। व्यापारियों का कहना है कि कई बार मना करने के बावजूद यह सिलसिला जारी था, जिसके चलते उन्हें हस्तक्षेप करना पड़ा।
महिला का पक्ष
वीडियो में महिला माफी मांगते हुए आगे से ध्यान रखने की बात कहती दिखाई दे रही है। उसका कहना है कि वह आवारा कुत्तों को भोजन देने के उद्देश्य से मांस डाल रही थी। घटना के दौरान भीड़ भी जमा हो गई और कुछ देर तक माहौल गरमाया रहा। फिलहाल पुलिस को सूचना दिए जाने की बात सामने आई है। कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान लिए जा सकते हैं।
