,

उज्जैन के होटल में भीषण आग, यात्रियों को समय रहते सुरक्षित निकाला गया

Author Picture
Published On: 26 February 2026

उज्जैन के महाकाल लोक के सामने स्थित संतोष पैलेस होटल में बुधवार देर रात अचानक आग लग गई। यह घटना करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। तीसरी मंजिल से उठते धुएं और आग की लपटों को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

आग बुझाने के लिए चार दमकल वाहन भेजे गए थे। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों, महाकाल थाना पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंगुइशर का भी उपयोग किया गया। फायर अधिकारी एलपी साहू ने बताया कि दो गाड़ियों की मदद से ही आग पर काबू पाया गया।

उज्जैन के होटल में भीषण आग

होटल में आग लगने के समय कई यात्री ठहरे हुए थे। गनीमत रही कि होटल प्रबंधन और स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से होटल को भारी नुकसान हुआ है और तीसरी मंजिल की अधिकांश सामग्री जल गई। महाकाल थाना टीआई गगन बादल ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जाएगी। पुलिस और फायर ब्रिगेड मिलकर जांच कर रहे हैं कि आग कैसे लगी और इसका नुकसान कितना हुआ।

युवाओं की बहादुरी से बड़ा हादसा टला

आग सबसे पहले कुछ स्थानीय युवाओं ने देखी। मोहम्मद अजान, मोहम्मद सलमान और मोईन खान ने तुरंत होटल प्रबंधन और क्षेत्रवासियों को आग की सूचना दी। उन्होंने पानी और आग बुझाने के उपकरणों की मदद से आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की। उनकी सतर्कता और बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया और कई यात्रियों की जान बचाई गई।

होटल प्रशासन का बयान

होटल प्रबंधन ने बताया कि आग लगने की घटना से उन्हें भी गंभीर नुकसान हुआ है। उन्होंने आग लगने के समय सभी कर्मचारियों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही। प्रशासन फायर सेफ्टी नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp