MP विधानसभा के बजट सत्र में वरिष्ठ कांग्रेस विधायक और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह ने एक ऐतिहासिक पहल करते हुए ‘सार्वभौम निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा’ को लेकर निजी सदस्य विधेयक (Private Member’s Bill) पेश किया। इस विधेयक के माध्यम से प्रदेश के हर नागरिक को व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई है।
विधेयक में प्रस्तावित है कि योजना का लाभ अमीर-गरीब, किसान, व्यापारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों सहित सभी नागरिकों को मिले। केवल उन लोगों को बाहर रखा जाएगा जिनके पास पहले से बेहतर स्वास्थ्य बीमा (Health Insurance) है। डॉ. राजेंद्र सिंह ने सदन में बताया कि यह कदम प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सार्वभौमिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।
MP: 15 लाख रुपए का सामान्य बीमा
विधेयक में यह भी प्रस्ताव रखा गया है कि प्रत्येक परिवार को सालाना 15 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाए। इस राशि में सामान्य और आपातकालीन उपचार शामिल होंगे। डॉ. राजेंद्र सिंह ने तर्क दिया कि आयुष्मान योजना की वर्तमान सीमा (5 लाख) गंभीर बीमारियों के लिए पर्याप्त नहीं है।किडनी, लिवर ट्रांसप्लांट और अन्य गंभीर सर्जरी के लिए बीमा कवरेज को बढ़ाकर 25 लाख रुपए किया जाए। यह कदम गंभीर बीमारी से ग्रस्त मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रस्तावित है।
विधेयक का महत्व
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह विधेयक पारित होता है तो यह मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में नई क्रांति ला सकता है। गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए इलाज की लागत एक बड़ी चिंता रही है, और इस पहल से उन्हें राहत मिलने की संभावना है। अब यह विधेयक विधानसभा की संबंधित समितियों में भेजा जाएगा, जहां इसके प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा होगी। बाद में इसे पारित कर लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
