ग्वालियर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। विजयनगर आमखो निवासी कोचिंग संचालक दीपक शर्मा के बैंक खाते से अज्ञात ठग ने करीब 2.50 लाख रुपए निकाल लिए। जानकारी के अनुसार, ठग ने 20 फरवरी को 10 हजार रुपए, 21 फरवरी को 50 हजार रुपए और 22 फरवरी को 99,999 रुपए ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए ट्रांसफर किए। सभी लेन-देन देर रात किए गए, जिससे पीड़ित को समय पर जानकारी नहीं मिल सकी।
दीपक शर्मा ने बताया कि उनके मोबाइल पर बैंक से पैसे कटने के मैसेज आ रहे थे, लेकिन वे स्वतः डिलीट हो जा रहे थे। इससे उन्हें संदेह हुआ कि मोबाइल हैक किया गया है। जब खाते से बड़ी रकम निकलने की पुष्टि हुई, तो उन्होंने तुरंत बैंक में फोन कर खाता ब्लॉक करवाया।
ग्वालियर में कोचिंग संचालक
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कंपू थाने में भी आवेदन दिया गया। हालांकि, प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई न होने से उन्होंने गुरुवार को एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव से संपर्क किया। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी को जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ठग का धमकी भरा फोन
घटना के बाद अज्ञात ठग ने दीपक शर्मा को फोन कर कहा कि उनके खाते में 3 लाख रुपए और बचे थे, लेकिन खाता ब्लॉक होने के कारण वह रकम नहीं निकाल पाया। जब संचालक ने अपने पैसे लौटाने की बात कही, तो ठग ने गाली-गलौज करते हुए फोन काट दिया। इस कॉल के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है। साइबर सेल से तकनीकी मदद लेकर ट्रांजैक्शन की डिटेल और कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक आशंका है कि मोबाइल में किसी लिंक या एप के माध्यम से हैकिंग की गई होगी।
सावधानी बरतने की अपील
साइबर विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल में संदिग्ध एप डाउनलोड न करें और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें। किसी भी संदिग्ध ट्रांजैक्शन की स्थिति में तुरंत 1930 पर संपर्क कर खाता ब्लॉक करवाना जरूरी है।
