इंदौर के खजराना क्षेत्र में गुरुवार अलसुबह एक युवती पहली मंजिल की छत से गिरकर घायल हो गई। परिजनों ने उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। खजराना थाना पुलिस ने मामले में युवती और उसके परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, युवती को उसके परिचित युवक अनिकेत उर्फ टिक्की ने फोन कर घर की छत पर मिलने के लिए बुलाया था। दोनों के बीच पहले से जान-पहचान बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इंदौर में युवती
युवती के परिजनों का आरोप है कि अनिकेत ने उससे अपने साथ चलने का दबाव बनाया। युवती ने मना किया तो वह गाली-गलौज पर उतर आया और मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर घर के सदस्य छत की ओर दौड़े। इसी दौरान घटनाक्रम ने गंभीर रूप ले लिया। परिजनों का कहना है कि हंगामे के बीच अनिकेत ने युवती को धक्का दे दिया। रेलिंग के पास खड़ी युवती संतुलन खो बैठी और पहली मंजिल से नीचे जा गिरी। आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरने से युवती को चोटें आई हैं, हालांकि डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
एफआईआर दर्ज
पीड़िता के पिता की शिकायत पर खजराना पुलिस ने अनिकेत उर्फ टिक्की के खिलाफ छेड़छाड़ और जान से मारने की नीयत से धक्का देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी स्थानीय निवासी है और उसकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी घटना की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी। फिलहाल युवती के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
