टी-20 विश्व कप क्रिकेट मैच के रोमांच के बीच जबलपुर में सक्रिय सटोरियों के खिलाफ रांझी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कुख्यात सटोरिया दिलीप खत्री और संजय खत्री से जुड़े दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 25 फरवरी की रात की गई, जब पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि शहर में मैच के दौरान अवैध सट्टा संचालित हो रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर सीएसपी सतीश साहू के नेतृत्व में टीआई उमेश गोल्हानी की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेमोरी तिराहा स्थित सामुदायिक भवन के पास डार्क ब्लू रंग की कार (एमपी 20 जेडजी 0030) में दो युवक मोबाइल फोन के जरिए टी-20 मैच पर सट्टा खिला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
जबलपुर में सट्टेबाजों पर शिकंजा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनमोल उर्फ बीसू पटारिया और कृष्णा नामदेव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 20 हजार रुपए नकद, एक लग्जरी कार और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का मानना है कि मोबाइल फोन में सट्टेबाजी से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिल सकते हैं, जिन्हें खंगाला जा रहा है।
पूछताछ में बड़े नाम उजागर
रांझी पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शहर और प्रदेश के कई बड़े सट्टेबाजों के नाम उजागर किए हैं। पुलिस अब उन नामों की पुष्टि कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि टी-20 विश्व कप जैसे बड़े आयोजनों के दौरान सट्टेबाजी की गतिविधियां तेजी से बढ़ जाती हैं, ऐसे में निगरानी और सख्ती बढ़ा दी गई है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस का कहना है कि सट्टेबाजी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध सट्टा गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
