MP में होली के दौरान मावठा गिरने यानी आंधी-बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 मार्च से हिमालयी क्षेत्र में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो रहा है। इसका असर प्रदेश में भी दिखाई दे सकता है, खासकर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में।
IMD भोपाल के अनुसार, प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में दो साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम सक्रिय हैं। इसके अलावा एक ट्रफ की एक्टिविटी भी प्रदेश में देखी जा रही है। इसके चलते शुक्रवार को भोपाल समेत कई जिलों में बादल छाए रहे। हालांकि, इस समय पारे में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया।
MP अप्रैल जैसी गर्मी का असर
आंधी-बारिश और ओले का दौर थमने के बाद प्रदेश में अप्रैल जैसी गर्मी देखने को मिली। गुरुवार और शुक्रवार को कई शहरों में दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। रात का तापमान भी 18 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में शुक्रवार को पारा 27.6 डिग्री रहा। सबसे गर्म शहर खरगोन में तापमान 34.8 डिग्री तक पहुंच गया। पांच बड़े शहरों में भोपाल में 32.4 डिग्री, इंदौर 31.2 डिग्री, ग्वालियर 32.7 डिग्री, उज्जैन और जबलपुर में 33 डिग्री दर्ज किया गया।
रात का तापमान
रात में पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा रात का तापमान सागर में 18.4 डिग्री और नर्मदापुरम में 18.2 डिग्री रहा। श्योपुर, सिवनी, गुना, खंडवा-टीकमगढ़ में 16 डिग्री और रतलाम-धार में 17 डिग्री या इससे अधिक तापमान देखा गया।
सावधानी
मौसम विभाग ने होली के दिनों में अस्थिर मौसम और आंधी-बारिश को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात सक्रिय रहने के कारण बारिश, तेज हवा और तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है। नागरिकों से मौसम की जानकारी अपडेट रखने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।
