,

बैरागढ़ में तेज रफ्तार कार की टक्कर से नर्सिंग छात्र की मौत, चालक फरार

Author Picture
Published On: 28 February 2026

राजधानी के बैरागढ़ इलाके में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अज्ञात कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय नर्सिंग छात्र की शनिवार तड़के इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और आसपास के लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया।

मृतक की पहचान आकाशदीप पुत्र सुनील कुमार दीप (24) के रूप में हुई है। वह एक निजी कॉलेज से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था और भैंसाखेड़ी खजूरी सड़क क्षेत्र में रहता था। परिवार के मुताबिक आकाशदीप पढ़ाई के साथ-साथ घर की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाता था। उसकी अचानक मौत से परिवार सदमे में है।

बैरागढ़ में निर्माणाधीन चौराहे पर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार आकाशदीप शुक्रवार रात अपना निजी काम निपटाकर घर लौट रहा था। चंचल चौराहा क्षेत्र में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने एक कट पॉइंट पार किया ही था कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे के बाद कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन शनिवार तड़के उसने दम तोड़ दिया। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में भी शोक का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज से तलाश जारी

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात कार और उसके चालक की पहचान हो सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन का नंबर ट्रेस कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन चौराहे पर पर्याप्त संकेतक और रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp