दिग्गज रंगमंच के कलाकार और फिल्म मेकर यशवंत सरदेश पांडे से जुड़ी एक बुरी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार सुबह दिल का दौरा पड़ने की वजह से उनका निधन हो गया है। रविवार शाम को एक नाटक में परफॉर्म करने के बाद वह सोमवार की सुबह बेंगलुरु पहुंचे थे। यहां उन्होंने सीने में दर्द होने की शिकायत की और अचानक बेहोश हो गए।
सीने दर्द उठने की शिकायत के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने एमरजेंसी ट्रीटमेंट करने की कोशिश की लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका। उनके निधन की खबर ने लोगों को हैरान कर दिया है।
प्रह्लाद जोशी ने जताया दुख
यशवंत के निधन की खबर सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने इस पर दुख जताया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि हुबली निवासी यशवंत सरदेश पांडे का निधन हो गया। वो मशहूर रंगमंच के अभिनेता और लोकप्रिय नाटककार थे। उनका नाटक ऑल द बेस्ट काफी सफल रहा। उन्होंने टेलीविजन और फिल्मों में भी काम किया है।
मिले कई सारे अवार्ड्स
अपने बेहतरीन अभिनय के लिए देशपांडे को कई पुरस्कार दिए गए। जिनमें 2010 में राज्योत्सव पुरस्कार, आर्यभट्ट पुरस्कार (2003), मयूर पुरस्कार (2005), राम शमा भामा के लिए बेस्ट डायलॉग के लिए सनफीस्ट-उदय पुरस्कार (2006), अभिनय भारती पुरस्कार (2008), रंगध्रुव पुरस्कार (2008), और ग्लोबलमैन इंटरनेशनल अवार्ड (2008) शामिल हैं।