कॉमेडियन भारती सिंह का नाम आते ही चेहरे पर अपने आप मुस्कान आ जाती है। अपनी बेबाक बातों, मजेदार पंचलाइन और दिल से निकली हंसी के लिए मशहूर भारती एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वजह है मां बनने के सिर्फ 19 दिन बाद उनका काम पर लौट आना। 19 दिसंबर को भारती ने अपने दूसरे बेटे को जन्म दिया था, जिसे वह प्यार से “काजू” कहती हैं। और अब 7 जनवरी को वह ‘लाफ्टर शेफ्स 3’ के सेट पर नजर आईं।
सेट पर भारती की एंट्री किसी सेलिब्रेशन से कम नहीं थी। बाहर खड़े पैप्स से मिलते ही उन्होंने सबको मिठाई बांटी। इस दौरान उनका वही जाना-पहचाना मस्ती भरा अंदाज देखने को मिला। कैमरों के सामने वह हंसती-बोलती रहीं और हर सवाल का जवाब अपने मजाकिया अंदाज में देती दिखीं। यही वजह है कि उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भारती सिंह ने की बातचीत
पैप्स ने जब उन्हें दूसरे बच्चे की बधाई दी, तो भारती मुस्कुराते हुए बोलीं, “फिर काजू आ गया… सोचा तो था किशमिश आएगी, लेकिन काजू आ गया।” इतना सुनते ही वहां मौजूद एक पैप्स ने मजाक में कहा, “किशमिश बाद में आएगा।” इस पर भारती थोड़ी हैरान होकर बोलीं, “यही करती रहूं? शूटिंग भी होती है न।”
उनका यह जवाब सुनकर आसपास खड़े लोग हंस पड़े। भारती की खासियत यही है कि वह किसी भी बात को भारी नहीं बनने देतीं और हर पल को हंसी में बदल देती हैं। मिठाई बांटते हुए भारती ने मजाकिया अंदाज में कहा, “लड़की नहीं हुई भाई, तो मैं क्या करूं? ये हर्ष का कसूर है।” जब एक पैप्स ने उनसे पूछा कि हर्ष का कसूर कैसे, तो भारती ने मासूमियत से जवाब दिया, “कहते नहीं हैं कि लड़का या लड़की होना आदमी पर डिपेंड करता है।”
इसके बाद उन्होंने हंसते हुए कहा, “लड़की अगली बारी।” इतना ही नहीं, भारती ने हाथ जोड़कर कैमरे के सामने कहा, “मैंने आपको निराश किया है, लड़की नहीं हुई। मगर हर्ष ने कहा है कि आगे भी सावन आएगा।” उनके इस अंदाज में मजाक भी था और सच्चाई भी। दरअसल, भारती की यह बात किसी से छुपी नहीं है कि वह दिल से एक बेटी चाहती थीं।
बेटी की चाह
पहले बच्चे के जन्म के बाद से ही भारती कई बार यह कह चुकी हैं कि उनकी तमन्ना एक बेटी की है। दूसरी बार भी बेटा होने के बावजूद उन्होंने इसे पूरे दिल से स्वीकार किया है। उन्होंने अपने छोटे बेटे का चेहरा दुनिया को नहीं दिखाया है और इस मामले में वह प्राइवेसी रखना चाहती हैं। मां बनने के बाद इतनी जल्दी काम पर लौटना आसान नहीं होता, लेकिन भारती ने यह दिखा दिया कि वह अपने प्रोफेशन को कितनी गंभीरता से लेती हैं।
शो को लेकर अफवाहें
‘लाफ्टर शेफ्स 3’ को लेकर हाल ही में कुछ खबरें सामने आई थीं कि करण कुंद्रा की जगह अर्जुन बिजलानी शो में नजर आएंगे। हालांकि यह सिर्फ कुछ एपिसोड्स के लिए है। अर्जुन प्रॉक्सी के तौर पर आए हैं क्योंकि तेजस्वी प्रकाश के पार्टनर किसी और प्रोजेक्ट की शूटिंग में बिजी हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया था कि भारती सिंह को शो से रिप्लेस कर दिया गया है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। खुद भारती ने अपने व्लॉग में साफ बताया था कि वह सिर्फ दो एपिसोड्स की शूटिंग नहीं कर पाएंगी। इसके बाद नए साल की छुट्टियां थीं। उनकी गैरमौजूदगी में शो में कौन दिखेगा, इसका खुलासा आने वाले एपिसोड्स में होगा।
