‘धुरंधर’ का जलवा कायम, रणवीर सिंह की फिल्म ने तोड़े सारे पुराने रिकॉर्ड

Author Picture
Published On: 3 January 2026

बॉक्स ऑफिस पर इस समय अगर किसी एक फिल्म का सबसे ज़्यादा शोर है, तो वो है रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’। रिलीज़ के बाद से ही फिल्म लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। कभी कमाई को लेकर, तो कभी रिकॉर्ड तोड़ टिकट बिक्री को लेकर। अब ‘धुरंधर’ ने एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसने पिछले साल की सुपरहिट फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है दरअसल, रणवीर सिंह की इस फिल्म ने BookMyShow जैसे बड़े टिकट प्लेटफॉर्म पर वो कर दिखाया है, जो अब तक बहुत कम हिंदी फिल्मों के नाम रहा है। ‘धुरंधर’ इस प्लेटफॉर्म पर सबसे ज़्यादा टिकट बिकने वाली बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है।

फिल्म से जुड़े ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक, ‘धुरंधर’ के अब तक 1.3 करोड़ टिकट सिर्फ BookMyShow पर बिक चुके हैं। इसी के साथ फिल्म ने विक्की कौशल की ‘छावा’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसने पिछले साल करीब 1.2 करोड़ टिकट बेचकर यह मुकाम हासिल किया था। इतना ही नहीं, शाहरुख खान की ‘जवान’ भी इस लिस्ट में पीछे रह गई है, जो करीब 1.2 करोड़ टिकटों के साथ तीसरे नंबर पर है। वहीं, ‘स्त्री 2’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म भी 1 करोड़ के आंकड़े के आसपास ही पहुंच पाई।

जबरदस्त प्रदर्शन

‘धुरंधर’ सिर्फ टिकट बिक्री में ही नहीं, बल्कि कमाई के मोर्चे पर भी लगातार मजबूत बनी हुई है। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म ने अब तक भारत में ₹886 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन ₹1100 करोड़ के पार बताया जा रहा है।

ट्रेड एक्सपर्ट्स का कहना है कि आज के समय में बड़े शहरों में टिकट बुकिंग का बड़ा हिस्सा BookMyShow से होता है। ‘धुरंधर’ के केस में भी ऐसा ही देखने को मिला है। कुल मिलाकर फिल्म के 3.5 करोड़ से ज्यादा टिकट पूरे भारत में बिक चुके हैं, जिनमें से करीब 2 करोड़ टिकट स्पॉट बुकिंग के ज़रिए खरीदे गए।

क्या ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड टूटेगा?

हालांकि, अभी भी ‘धुरंधर’ के सामने एक बड़ी चुनौती बाकी है। वो है ‘पुष्पा 2: द रूल’ का ऑल-टाइम रिकॉर्ड। अल्लू अर्जुन की इस फिल्म ने रिलीज़ के दौरान करीब 2 करोड़ टिकट सिर्फ BookMyShow पर बेच दिए थे। फिलहाल ‘धुरंधर’ इस आंकड़े से थोड़ा पीछे है, लेकिन जिस रफ्तार से टिकट बिक रहे हैं, उसे देखते हुए ट्रेड को उम्मीद है कि ये रिकॉर्ड ज्यादा दूर नहीं।

कहानी और स्टारकास्ट

फिल्म की कामयाबी के पीछे सिर्फ रणवीर सिंह का स्टारडम ही नहीं, बल्कि इसकी कहानी और प्रस्तुति भी बड़ी वजह है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह एक ऐसे भारतीय जासूस की भूमिका निभा रहे हैं, जो पाकिस्तान के लियारी इलाके में एक खतरनाक बलूच गैंग में घुसपैठ करता है। अक्षय खन्ना ने फिल्म में रहमान बलूच का किरदार निभाया है, जो असल जिंदगी का एक बदनाम गैंगस्टर था। वहीं आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकारों ने फिल्म को और मजबूती दी है।

फिल्म की लोकप्रियता को देखते हुए मेकर्स पहले ही इसके दूसरे पार्ट की घोषणा कर चुके हैं, जो मार्च 2026 में रिलीज़ होगा। ऐसे में साफ है कि ‘धुरंधर’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक बड़ी फ्रेंचाइज़ी की शुरुआत बन चुकी है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp