यामी गौतम की फिल्म हक भले ही नवंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई हो, लेकिन इसकी असली चर्चा अब शुरू हुई है। 2 जनवरी को जैसे ही यह कोर्टरूम ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आई, वैसे ही सोशल मीडिया पर तारीफों का सिलसिला चल पड़ा। जो दर्शक किसी कारणवश थिएटर में यह फिल्म नहीं देख पाए थे, अब ओटीटी पर इसे देखकर यामी गौतम के अभिनय के कायल होते नजर आ रहे हैं।
हक कोई हल्की-फुल्की फिल्म नहीं है। यह एक गंभीर विषय पर बनी कहानी है, जो कोर्टरूम के भीतर चलने वाली बहसों, भावनाओं और संघर्ष को सामने लाती है। फिल्म का असर ऐसा है कि देखने के बाद लोग इसके किरदारों और डायलॉग्स को लेकर चर्चा करने लगते हैं।
यामी गौतम
अब इस तारीफों की लिस्ट में एक बड़ा नाम जुड़ गया है, जिसका नाम फराह खान है। कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान ने हक देखने के बाद खुले तौर पर यामी गौतम की तारीफ की है। बुधवार को फराह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया और यामी के लिए लिखा, “यामी गौतम, हर अवॉर्ड जीतने के लिए तैयार हो जाओ! शानदार परफॉर्मेंस।”
इतना ही नहीं, फराह ने इमरान हाशमी की भी जमकर तारीफ की और कहा कि यह उनके करियर की अब तक की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस में से एक है। फराह जैसी सीनियर फिल्ममेकर से ऐसी प्रतिक्रिया मिलना किसी भी कलाकार के लिए बड़ी बात मानी जाती है।
बदला अंदाज
यामी गौतम को अक्सर सॉफ्ट, सिंपल और शांत किरदारों में देखा गया है, लेकिन हक में उनका रूप बिल्कुल अलग है। यहां वह एक मजबूत, सवाल पूछने वाली और अपने अधिकारों के लिए खड़ी महिला के किरदार में नजर आती हैं। उनकी आंखों की गंभीरता और कोर्टरूम में बोले गए संवाद फिल्म को वजन देते हैं। इमरान हाशमी ने फिल्म में यामी के पति का किरदार निभाया है और उन्होंने भी इस रोल में खुद को पूरी तरह ढाल लिया है। उनका अभिनय सधा हुआ है और कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है।
सेलेब्स भी कर चुके हैं तारीफ
फराह खान से पहले भी कई सितारे हक की सराहना कर चुके हैं। कियारा आडवाणी ने सोशल मीडिया पर फिल्म देखने के बाद लिखा था कि यामी का अभिनय वाकई शानदार है। वहीं संजय कपूर ने भी इस फिल्म को बेहतरीन बताते हुए इसकी तारीफ की थी।
यह साफ है कि हक सिर्फ दर्शकों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि इंडस्ट्री के लोगों को भी प्रभावित कर रही है।
कहानी
सुपर्ण वर्मा के निर्देशन में बनी हक एक कोर्टरूम ड्रामा है, जो शाह बानो बेगम केस से प्रेरित है। यह वही ऐतिहासिक मामला है, जिसने देशभर में वैवाहिक अधिकारों और महिलाओं के हक को लेकर बड़ी बहस छेड़ दी थी। फिल्म में इन मुद्दों को सीधे-सीधे परोसने के बजाय इंसानी भावनाओं और कानूनी लड़ाई के जरिए दिखाया गया है।
फिल्म में शीबा चड्ढा भी एक अहम भूमिका में हैं और उनका अभिनय कहानी को और मजबूत बनाता है। प्रोडक्शन की जिम्मेदारी जंगली पिक्चर्स, इंसोम्निया फिल्म्स और बावेजा स्टूडियोज ने संभाली है।
ओटीटी पर मिली पहचान
कई बार अच्छी फिल्में थिएटर में उतनी चर्चा नहीं बटोर पातीं, जितनी उन्हें ओटीटी पर मिलती है। हक इसका ताजा उदाहरण बनती दिख रही है। नेटफ्लिक्स पर आने के बाद फिल्म को नया दर्शक वर्ग मिला है और यामी गौतम के करियर में यह फिल्म एक मजबूत पड़ाव साबित होती नजर आ रही है।
