रणबीर कपूर के रामायण में ‘राम अवतार’ का इंतज़ार खत्म, गेटवे ऑफ इंडिया पर होगा ऐतिहासिक इवेंट

Author Picture
Published On: 3 February 2026

बॉलीवुड की सबसे बड़ी और सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का इंतज़ार अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंचता दिख रहा है। काफी समय से इस फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज़ हैं, लेकिन अब तक किसी भी किरदार का ऑफिशियल लुक सामने नहीं आया था। अब खबर है कि मेकर्स बहुत जल्द इस सस्पेंस से पर्दा उठाने वाले हैं और वो भी किसी छोटे इवेंट में नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक और भव्य समारोह के ज़रिए।

सूत्रों के मुताबिक, फिल्म ‘रामायण’ के मेकर्स मार्च महीने में एक बड़े स्तर का इवेंट प्लान कर रहे हैं। यही इवेंट फिल्म का पहला ऑफिशियल इवेंट होगा, जहां दर्शकों को पहली बार रामायण के मुख्य किरदारों के फर्स्ट लुक देखने को मिलेंगे। खास बात ये है कि इसी मंच से रणबीर कपूर के ‘राम अवतार’ की झलक भी सामने आएगी, जिसका फैंस बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।

गेटवे ऑफ इंडिया

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस ग्रैंड इवेंट के लिए मुंबई की पहचान गेटवे ऑफ इंडिया को चुना गया है। यह जगह पहले भी कई ऐतिहासिक पलों की गवाह रही है और अब रामायण के पहले बड़े रिवील का मंच बनने जा रही है। बताया जा रहा है कि डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने इसके लिए इनविटेशन भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

राम नवमी पर होगा आयोजन

खबरों की मानें तो यह भव्य इवेंट 27 मार्च, यानी राम नवमी के दिन आयोजित किया जाएगा। इस तारीख को चुनने के पीछे साफ मकसद है—फिल्म के विषय और उसकी भावनात्मक गहराई को सम्मान देना। बताया जा रहा है कि इस खास मौके पर राज्य और केंद्र सरकार से जुड़े कई बड़े नेता भी मेहमानों की लिस्ट में शामिल हैं, जिससे यह इवेंट और भी खास बन जाता है।

कौन-कौन से सितारे हो सकते हैं शामिल?

हालांकि अभी तक मेकर्स ने ऑफिशियल तौर पर स्टार कास्ट की मौजूदगी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि फिल्म की लीड कास्ट इस इवेंट में जरूर नजर आएगी। इनमें रणबीर कपूर (भगवान राम),  साई पल्लवी (सीता),  यश (रावण), रवि दुबे (लक्ष्मण) शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा सनी देओल, जो हनुमान के किरदार में दिखेंगे, उनके भी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

‘रामायण पार्ट 1’ इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। यह फिल्म वाल्मीकि की रामायण पर आधारित होगी और इसे दो भागों में दर्शकों के सामने लाया जाएगा। बड़े बजट, दमदार वीएफएक्स और मजबूत कास्ट के साथ यह फिल्म 2026 की सबसे बड़ी रिलीज़ मानी जा रही है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp