आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर ने रिलीज के वक्त काफी सुर्खियां बटोरी थीं। फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में आई थी और इसके एक्शन, गानों और रणवीर सिंह के किरदार को लेकर खूब चर्चा हुई थी। अब जब यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है, तो एक बार फिर धुरंधर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह कहानी या परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि एक वायरल दावा है।
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर कुछ पोस्ट तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें यह कहा जा रहा है कि रणवीर सिंह ने फिल्म की शूटिंग के दौरान तीन वैनिटी वैन का इस्तेमाल किया था। इस दावे ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है और एक बार फिर बॉलीवुड में एक्टर्स पर होने वाले खर्च को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
रेडिट पोस्ट से कैसे शुरू हुआ मामला?
ओटीटी रिलीज के बाद कई दर्शकों ने फिल्म को बारीकी से देखा। कुछ लोगों ने तो फिल्म के एंड क्रेडिट्स तक खंगाल डाले। इसी दौरान एक रेडिट यूजर ने फिल्म के क्रेडिट्स का स्क्रीनशॉट शेयर किया।
इस स्क्रीनशॉट में रणवीर सिंह के किरदार हमजा के नाम से तीन वैन का जिक्र दिखाई दिया
हमजा की वैन
हमजा के स्टाफ की वैन
हमजा की नॉर्मल वैन
बस यहीं से मामला गर्म हो गया। लोगों ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि क्या रणवीर सिंह ने सच में तीन वैनिटी वैन की मांग की थी? कई यूजर्स ने सवाल उठाए कि एक ही एक्टर के लिए इतनी वैन की जरूरत क्यों पड़ी।
सोशल मीडिया पर छिड़ गई बहस
रेडिट से यह चर्चा धीरे-धीरे दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स तक पहुंच गई। कुछ लोगों ने इसे स्टारडम का दिखावा बताया, तो कुछ ने कहा कि बड़े प्रोजेक्ट्स में ऐसी सुविधाएं आम बात होती हैं। हालांकि, कई फैंस ने रणवीर सिंह का बचाव भी किया और कहा कि बिना पूरी जानकारी के किसी पर आरोप लगाना सही नहीं है।
प्रोडक्शन टीम ने क्या कहा?
मामला बढ़ता देख इस पर सफाई भी सामने आई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रोडक्शन से जुड़े एक वरिष्ठ सदस्य से बात की गई, जिन्होंने इस पूरे दावे को गलत बताया। उनका कहना था कि एंड क्रेडिट्स में जिस ‘वैन’ शब्द का इस्तेमाल किया गया है, उसका मतलब वैनिटी वैन नहीं था। असल में ये सामान्य गाड़ियां थीं, जिनका इस्तेमाल फिल्म के थाईलैंड, खासतौर पर बैंकॉक शूट के दौरान किया गया था।
बैंकॉक शूट की वजह से थीं ज्यादा गाड़ियां
सूत्रों के मुताबिक, धुरंधर का बैंकॉक शेड्यूल लंबा और आउटडोर लोकेशन्स से भरा हुआ था। शूटिंग कई जगहों पर हो रही थी और कलाकारों, स्टाफ और सामान को लगातार एक जगह से दूसरी जगह ले जाना पड़ता था।
इसी वजह से एक वैनिटी वैन कलाकार के लिए और दो थाई वैन (कार जैसी गाड़ियां) क्रू और सामान के लिए रखी गई थीं इन्हें ही क्रेडिट्स में अलग-अलग कैटेगरी में लिखा गया, जिसे लोगों ने गलत समझ लिया।
तो क्या वाकई 3 वैनिटी वैन थीं?
इस पूरे मामले का निचोड़ यही है कि रणवीर सिंह ने तीन वैनिटी वैन इस्तेमाल नहीं की थीं। एक वैनिटी वैन थी और बाकी दो सामान्य ट्रांसपोर्ट वाहन, जिनका इस्तेमाल लॉजिस्टिक्स के लिए किया गया। लेकिन सोशल मीडिया पर अधूरी जानकारी कैसे पूरा तूफान खड़ा कर देती है, यह मामला उसका ताजा उदाहरण बन गया है।
सोशल मीडिया की आदत और सच्चाई
आजकल फिल्मों से जुड़ी हर छोटी चीज़ माइक्रोस्कोप के नीचे आ जाती है। क्रेडिट्स से लेकर कपड़ों तक, हर चीज़ पर चर्चा होती है। ऐसे में जरूरी है कि किसी भी दावे पर भरोसा करने से पहले पूरी जानकारी सामने आने दी जाए। फिलहाल इतना तय है कि धुरंधर एक बार फिर चर्चा में आ गई है इस बार कहानी से नहीं, बल्कि वैन की गिनती से।
