बलूचिस्तान में रेलवे ट्रैक पर हुआ बम धमाका, सैकड़ों यात्रियों की बची जान; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Author Picture
Published On: 25 December 2025

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में आतंकियों ने एक बार फिर रेलवे ढांचे को निशाना बनाया है। नसीराबाद जिले के नोटल इलाके के पास मुख्य रेलवे ट्रैक पर लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में विस्फोट हुआ, जिससे ट्रैक का एक हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के मुताबिक यह धमाका जाफर एक्सप्रेस के वहां पहुंचने से पहले हो गया, जिसके चलते एक बड़े रेल हादसे को टाला जा सका।

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रेलवे ट्रैक पर लगाए गए बम में विस्फोट होने से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। यह धमाका जाफर एक्सप्रेस के वहां पहुंचने से ठीक पहले हुआ, जिससे ट्रैक को नुकसान पहुंचा, लेकिन समय रहते ट्रेन को रोक लिया गया। इससे देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हुआ बम धमाका

पाकिस्तान के अस्थिर बलूचिस्तान प्रांत में आतंकियों ने फिर से जाफर एक्सप्रेस और अन्य ट्रेनों को निशाना बनाया है, जब मुख्य रेलवे ट्रैक पर बम विस्फोट हुआ, जिससे लगभग तीन फ़ीट रेलवे पटरी क्षतिग्रस्त हो गई और रेल सेवा ठप हो गई। धमाके को संदिग्ध विद्रोही समूहों द्वारा लगाया गया बताया जा रहा है, हालांकि किसी संगठन ने तुरंत ज़िम्मेदारी नहीं ली है, और सैकड़ों यात्री बाल-बाल बच गए हैं क्योंकि ट्रेन को समय रहते रोक दिया गया। इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और ट्रैक की मरम्मत एवं जांच शुरू कर दी है, वहीं रेलवे सेवाएँ अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं।

रेल सेवाएं हुई निलंबित

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में पेशावर से क्वेटा जा रही जाफर एक्सप्रेस को सुरक्षा कारणों से डेरा मुराद जमाली स्टेशन पर रोक दिया गया, क्योंकि रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के बाद क्वेटा और अन्य क्षेत्रों के बीच रेल सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके दौरान एक अन्य विस्फोटक डिवाइस को समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि जाफर एक्सप्रेस पहले भी कई बार आतंकियों के निशाने पर रही है और इससे पहले नवंबर में बोलान पास इलाके में इस ट्रेन पर फायरिंग की घटना भी सामने आ चुकी है।

रेल सुरक्षा पर उठे सवाल

अक्टूबर में पाकिस्तान के सिंध प्रांत के शिकारपुर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके में सात लोग घायल हो गए थे। वहीं, इसी साल मार्च में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) की मजीद ब्रिगेड ने जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर 400 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया था, जिसमें कई सुरक्षाकर्मियों की मौत का दावा किया गया। लगातार हो रहे ऐसे हमलों ने पाकिस्तान में रेल यात्रियों की सुरक्षा और राज्य की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp