चीन ने आज ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए अपने ‘शेनझोउ-21’ अंतरिक्ष यान को देश के अंतरिक्ष स्टेशन से सफलतापूर्वक जोड़ लिया। यह यान तीन अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर शुक्रवार रात स्थानीय समयानुसार 11 बजकर 44 मिनट पर उत्तर-पश्चिम चीन के जिउक्वान प्रक्षेपण केंद्र से रवाना हुआ था। ‘चाइना मैन्ड स्पेस एजेंसी’ के अनुसार, अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ने की प्रक्रिया करीब साढ़े तीन घंटे में पूरी हुई, जो पिछले अभियान की तुलना में तीन घंटे कम समय में संपन्न हुई। रिकॉर्ड गति से अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने वाले इस मिशन के दल में पायलट और अभियान के कमांडर झांग लू शामिल हैं, जो दो वर्ष पहले ‘शेनझोउ-15’ मिशन का भी हिस्सा रह चुके हैं। अब यह दल अंतरिक्ष स्टेशन के ‘तियान्हे कोर मॉड्यूल’ में प्रवेश कर अपने निर्धारित प्रयोगों और कार्यों की शुरुआत करेगा।
चीन ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपने ‘शेनझोउ-21’ अंतरिक्ष यान को रिकॉर्ड गति से अंतरिक्ष स्टेशन से सफलतापूर्वक जोड़ लिया है। इस मिशन में तीन सदस्यीय दल शामिल है, जो अगले छह महीनों तक अंतरिक्ष में रहकर विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे।
शेनझोउ-21 मिशन में शामिल हुए दो अंतरिक्ष यात्री
चीन के शेनझोउ-21 मिशन के तहत पहली बार अंतरिक्ष केंद्र की यात्रा में शामिल दो नए सदस्यों में वू फी और झांग होंगझांग का नाम प्रमुख है। 32 वर्षीय वू फी एक इंजीनियर हैं और देश के सबसे युवा अंतरिक्ष यात्री के रूप में अंतरिक्ष में गए हैं, जबकि झांग होंगझांग एक पेलोड विशेषज्ञ हैं, जो पहले नई ऊर्जा और नई सामग्रियों पर शोधकर्ता के रूप में कार्य कर चुके हैं। दोनों अंतरिक्ष यात्री अपने दल के साथ लगभग छह महीने तक अंतरिक्ष स्टेशन पर रहेंगे और इस दौरान जैव प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष चिकित्सा, पदार्थ विज्ञान सहित 27 वैज्ञानिक और अनुप्रयुक्त परियोजनाओं पर कार्य करेंगे। इस मिशन की खास बात यह है कि चीन पहली बार अपने अंतरिक्ष स्टेशन पर चार चूहों दो नर और दो मादा को भेज रहा है।
The Shenzhou 21 manned spacecraft was launched.
骄傲转发!神舟二十一号载人飞船发射升空!点赞中国航天!#祝福神舟二十一号 ❤️ https://t.co/qn5gSd6KyK pic.twitter.com/6ncKdPg65W— Chunyu 春雨 (@Chunyu_China) October 31, 2025
चूहे करेंगे अंतरिक्ष स्टेशन पर वैज्ञानिक मिशन
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, 60 दिनों से अधिक के गहन प्रशिक्षण के बाद 300 उम्मीदवारों में से अंतरिक्ष भेजे जाने वाले चूहों का चयन किया गया है। सरकारी मीडिया ‘चाइना नेशनल रेडियो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ये चूहे पांच से सात दिन तक अंतरिक्ष स्टेशन पर रहेंगे और फिर ‘शेनझोउ-20’ के जरिए पृथ्वी पर लौट आएंगे।
चीन मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी के प्रवक्ता झांग जिंगबो ने बताया कि चंद्रमा पर अंतरिक्ष यात्री भेजने की योजना के लिए अनुसंधान और विकास कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। साथ ही, चीन पाकिस्तान के साथ सहयोग कर रहा है, जिसके तहत दो पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्रियों को प्रशिक्षण के लिए चीन भेजा जा रहा है। इनमें से एक को पेलोड विशेषज्ञ के रूप में एक अल्पकालिक मिशन पर भेजने की योजना है, जो किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री की चीन के अंतरिक्ष स्टेशन की पहली यात्रा होगी
