, , ,

कोहरे की चादर में लिपटा MP: ट्रेनों की थमी रफ्तार, गिरा तापमान; स्कूलों तक पहुंची सर्दी

Author Picture
Published On: 9 January 2026

MP में शुक्रवार की सुबह लोगों के लिए परेशानी भरी रही। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को धीमा कर दिया। तड़के से ही विजिबिलिटी बेहद कम रही, जिससे सड़कों के साथ-साथ रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। खासकर दिल्ली से आने वाली ट्रेनों पर कोहरे का सीधा असर देखने को मिला। कोहरे की वजह से दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली 12 से अधिक ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। सबसे ज्यादा असर मालवा एक्सप्रेस पर पड़ा, जो अपने निर्धारित समय से करीब साढ़े छह घंटे पीछे चल रही है। सुबह 7.25 बजे भोपाल पहुंचने वाली यह ट्रेन दोपहर के समय आने की संभावना जताई गई है। पंजाब मेल, जनशताब्दी और सचखंड एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों की रफ्तार भी कोहरे ने थाम ली।

गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात प्रदेश में सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ तेवर दिखाए। छतरपुर जिले का खजुराहो सबसे ठंडा दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दतिया में पारा 3.9 डिग्री, शिवपुरी में 4 डिग्री और राजगढ़ में 5 डिग्री तक लुढ़क गया।

कोहरे की चादर में लिपटा MP

प्रदेश के अन्य इलाकों में भी सर्दी का असर साफ नजर आया। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री, मंडला में 5.9 डिग्री, रीवा में 6 डिग्री, उमरिया में 6.4 डिग्री और सीधी व टीकमगढ़ में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। यहां रात का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले दिन का तापमान भी महज 10.4 डिग्री तक सिमटा रहा। भोपाल में रात का तापमान 8 डिग्री, इंदौर में 9.4 डिग्री, उज्जैन में 8.3 डिग्री और जबलपुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। आने वाले कुछ दिनों तक सुबह और शाम घना कोहरा छाए रहने और तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने के आसार हैं। ऐसे में रेल और सड़क यातायात पर असर बना रह सकता है। मुरैना जिले में सर्दी का असर बच्चों तक पहुंच गया है। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया और घने कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम रही। हालात को देखते हुए कलेक्टर ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में 9 और 10 जनवरी की छुट्टी घोषित कर दी है, ताकि बच्चों को ठंड से बचाया जा सके।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp