हेल्थ | फलों का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। केला ऐसा फल है जो पूरे साल आसानी से उपलब्ध रहता है और पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसे अक्सर एक परफेक्ट ग्रैब-एंड-गो नाश्ते के रूप में पसंद किया जाता है। केला ऊर्जा का अच्छा स्रोत है और इसमें कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, प्रोटीन, फैट, पानी और शुगर जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को स्वस्थ बनाए रखते हैं। केले में मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने और दिल को सेहतमंद रखने में मदद करता है। वहीं, इसमें मौजूद मैग्नीशियम मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूत बनाता है।
केला पोषक तत्वों से भरपूर और ऊर्जा का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसमें फाइबर, पोटैशियम, मैग्नीशियम, विटामिन B6 और प्राकृतिक शर्करा (ग्लूकोज़, फ्रक्टोज़, सुक्रोज़) पाई जाती हैं, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करती हैं। यही कारण है कि केला को एक हेल्दी स्नैक के रूप में जाना जाता है।
खाली पेट नुकसान केला
केला सेहत के लिए बेहद फायदेमंद फल माना जाता है क्योंकि इसमें पोटैशियम, फाइबर और विटामिन भरपूर मात्रा में होते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक केला ऊर्जा देने वाला फल है, जिसे दिन के किसी भी समय खाया जा सकता है, लेकिन सुबह खाली पेट केले का सेवन हर किसी के लिए सही नहीं होता। इसमें मौजूद प्राकृतिक शुगर और मैग्नीशियम पेट के एसिड लेवल को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे एसिडिटी या पेट में असहजता हो सकती है। अगर आप सुबह केला खाना चाहते हैं, तो इसे दूध, दही या ओट्स जैसे किसी अन्य भोजन के साथ लेना ज्यादा फायदेमंद होता है, जिससे शरीर को पर्याप्त ऊर्जा मिलती है और पेट पर भी कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ता।
क्लिनिकल डाइटीशियन गरीमा गोयल के अनुसार केले में नेचुरल शक्कर, पोटैशियम और फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो इसे ऊर्जा का बेहतरीन स्रोत बनाती है। हालांकि, खाली पेट केला खाना हमेशा फायदेमंद नहीं होता। खाली पेट केले के सेवन से शरीर में कुछ परेशानियां हो सकती हैं जैसे-
एनर्जी लेवल में उतार-चढ़ाव
केले में मौजूद प्राकृतिक शर्करा (ग्लूकोज़, फ्रक्टोज़ और सुक्रोज़) तुरंत ऊर्जा प्रदान करती है, जिससे शरीर को तुरंत ऊर्जा का अनुभव होता है। लेकिन यह ऊर्जा अल्पकालिक होती है और रक्त शर्करा के स्तर में तेज़ी से गिरावट (ब्लड शुगर क्रैश) हो सकती है। इसके कारण थकान, कमजोरी या चिड़चिड़ापन महसूस हो सकता है।
एसिड और एल्कलाइन संतुलन बिगड़ना
खाली पेट केला खाने से शरीर में एसिड और एल्कलाइन संतुलन बिगड़ सकता है। आमतौर पर केला क्षारीय माना जाता है, लेकिन इसमें सिट्रिक एसिड और मैलिक एसिड भी मौजूद होते हैं। ऐसे में सुबह खाली पेट केला खाने से कुछ लोगों को एसिडिटी की समस्या हो सकती है, खासकर जिन्हें पहले से गैस्ट्राइटिस, एसिड रिफ्लक्स या पाचन से जुड़ी परेशानी है।
ब्लड शुगर लेवल बढ़ना
डाइटीशियन गरीमा गोयल का कहना है कि सुबह खाली पेट पके हुए केला खाने से ब्लड शुगर का स्तर तेजी से बढ़ सकता है। पके केले में प्राकृतिक शर्करा जैसे ग्लूकोज़, फ्रक्टोज़ और सुक्रोज़ की मात्रा अधिक होती है, जिससे इसका ग्लायसेमिक इंडेक्स ज्यादा हो जाता है। जब इसे खाली पेट अकेले खाया जाता है, तो यह अचानक ब्लड शुगर को बढ़ा देता है और फिर जल्दी गिरा देता है। इस कारण व्यक्ति थकान महसूस कर सकता है और जल्दी भूख लगने लगती है।
पाचन में हो सकती है परेशानी
खाली पेट केला खाने से कुछ लोगों को पाचन से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं। खासतौर पर ब्लोटिंग, मतली या हल्का पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यह परेशानी कच्चे केले के सेवन से ज्यादा बढ़ सकती है क्योंकि इनमें रेज़िस्टेंट स्टार्च की मात्रा अधिक होती है, जो देर से पचता है और पेट पर अतिरिक्त दबाव डालता है।
अवशोषण में पड़ सकती है बाधा
केले में मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे खनिज भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो मांसपेशियों और नर्व्स के लिए बेहद जरूरी होते हैं। हालांकि, एक्सपर्ट्स के अनुसार अगर सुबह खाली पेट केले का सेवन किया जाए तो ये खनिज अचानक तेजी से खून में पहुंच जाते हैं, जिससे मिनरल्स का असंतुलन हो सकता है। यह स्थिति खासकर उन लोगों के लिए खतरनाक हो सकती है जिन्हें किडनी से जुड़ी समस्या है।
डिस्केलमर: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं विभिन्न माध्यमों पर आधारित हैं. MPNews इनकी पुष्टि नहीं करता है.
