सर्दियों का मौसम आते ही सब्ज़ियों की बहार लग जाती है। बाज़ार में ताज़ी हरी गोभी और रसदार लाल गाजर देखकर मन अपने आप कुछ खास बनाने का करने लगता है। अगर आप रोज़-रोज़ के आलू या मूली के पराठों से थोड़ा बदलाव चाहते हैं, तो गोभी-गाजर का पराठा आपके लिए एकदम परफेक्ट विकल्प है। यह पराठा न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि सेहत के लिहाज़ से भी काफी फायदेमंद है।
आज मैं आपके साथ गोभी-गाजर का पराठा बनाने की एक आसान, घरेलू और बिल्कुल ऑरिजिनल रेसिपी शेयर कर रही हूँ, जिसे आप बिना किसी झंझट के घर पर बना सकते हैं।
आवश्यक सामग्री
- गेहूं का आटा – 2 कप
- नमक – स्वादानुसार
- पानी – गूंधने के लिए
- बारीक कद्दूकस की हुई फूल गोभी – 1 कप
- कद्दूकस की हुई गाजर – 1 कप
- हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई
- अदरक – 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ
- अजवाइन – ½ छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
- गरम मसाला – ½ छोटा चम्मच
- नमक
- हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
- घी या तेल
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक परात में गेहूं का आटा और थोड़ा सा नमक डालें। अब थोड़ा–थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंध लें। आटे को ढककर 10–15 मिनट के लिए रख दें। इससे पराठे नरम बनते हैं।
- कद्दूकस की हुई गोभी और गाजर को हल्के हाथों से निचोड़ लें ताकि उनमें ज्यादा पानी न रहे। अब एक बड़े बर्तन में गोभी, गाजर, हरी मिर्च, अदरक, अजवाइन, सभी मसाले, नमक और हरा धनिया डालकर अच्छे से मिला लें। स्टफिंग बिल्कुल तैयार है।
- गूंधे हुए आटे की एक लोई लें और उसे हल्का सा बेल लें। अब बीच में गोभी-गाजर की स्टफिंग रखें और चारों तरफ से बंद कर दें। हल्के हाथों से दबाते हुए पराठे को गोल बेल लें। ध्यान रखें कि ज्यादा जोर न लगाएं, वरना पराठा फट सकता है।
- तवा गरम करें और उस पर पराठा डालें। एक तरफ से हल्का सा सिकने पर पलटें और दूसरी तरफ घी या तेल लगाएं। दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेक लें।
- गरम-गरम गोभी-गाजर के पराठे को आप दही, हरी चटनी, मक्खन या अचार के साथ परोस सकते हैं। यह पराठा नाश्ते, लंच बॉक्स या हल्के डिनर के लिए भी बढ़िया रहता है।
