होली आते ही घर में पकवानों की खुशबू अपने आप फैलने लगती है। कहीं गुजिया बनती है, कहीं दही भल्ले और कहीं तरह-तरह के स्नैक्स। आमतौर पर गुजिया का नाम सुनते ही मीठी मावे वाली गुजिया याद आती है, लेकिन अगर आप इस बार कुछ नया, नमकीन और देसी स्वाद ट्राई करना चाहते हैं, तो मटर गुजिया एक शानदार ऑप्शन है। यह खासतौर पर उत्तर भारत में होली के मौके पर बनाई जाती है और स्वाद में इतनी जबरदस्त होती है कि एक खाकर कोई नहीं रुकता।
मटर गुजिया क्यों है खास?
मटर गुजिया की सबसे बड़ी खासियत है इसका भरावन। हरी मटर, हल्के मसाले और देसी खुशबू इसे आम नमकीन से अलग बनाती है। यह न ज्यादा तीखी होती है और न ही भारी। चाय के साथ, मेहमानों के लिए या होली की थाली में हर जगह फिट बैठती है।
मटर गुजिया बनाने की सामग्री
- मैदा – 2 कप
- घी या तेल – 3 टेबलस्पून
- नमक – स्वादानुसार
- पानी – जरूरत के अनुसार
भरावन के लिए
- हरी मटर – 1 कप (उबली हुई)
- अदरक – 1 छोटा टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
- हरी मिर्च -1 बारीक कटी
- जीरा – आधा चम्मच
- हींग – एक चुटकी
- धनिया पाउडर – 1 चम्मच
- गरम मसाला – आधा चम्मच
- आमचूर – आधा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- तेल – 1 चम्मच
- हरा धनिया – बारीक कटा
आसान विधि
एक बड़े बर्तन में मैदा, नमक और घी डालें। हाथों से अच्छी तरह मसलकर मोयन सेट करें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त लेकिन मुलायम आटा गूंथ लें। इसे ढककर 15–20 मिनट के लिए रख दें।
अब बनाएं मटर का भरावन
- हरी मटर को उबालकर हल्का दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि मटर बिल्कुल पेस्ट न बने।
- कढ़ाही में तेल गर्म करें। इसमें जीरा और हींग डालें। खुशबू आते ही अदरक और हरी मिर्च डालें।
- अब पिसी हुई मटर डालकर धीमी आंच पर 4–5 मिनट भूनें। मसाले डालें- नमक, धनिया पाउडर, गरम मसाला और आमचूर।
- अंत में हरा धनिया मिलाएं और गैस बंद कर दें। भरावन को पूरी तरह ठंडा होने दें।
गुजिया बनाना
- आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। हर लोई को पूड़ी की तरह बेलें।
- बीच में 1-2 चम्मच मटर का भरावन रखें। किनारों पर हल्का पानी लगाकर गुजिया की शेप दें।
- फोल्ड करके किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें, ताकि तलते समय भरावन बाहर न आए।
तलने का सही तरीका
- कढ़ाही में तेल गरम करें। तेल ज्यादा तेज नहीं होना चाहिए।
- अब गुजिया डालकर धीमी आंच पर सुनहरी और कुरकुरी होने तक तलें।
- तलने के बाद टिश्यू पेपर पर निकाल लें।
परोसने का तरीका
- मटर गुजिया को हरी चटनी, इमली की चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें।
- होली पर ठंडाई या चाय के साथ इसका मजा दोगुना हो जाता है।
