लाइफस्टाइल | मुल्तानी मिट्टी एक चमत्कारी प्राकृतिक औषधि है, जिसका उपयोग त्वचा की सुंदरता बढ़ाने के लिए सदियों से किया जा रहा है। अगर आप मुल्तानी मिट्टी में कुछ विशेष प्राकृतिक चीजें मिलाकर उपयोग करें, तो यह आपकी त्वचा को और भी ज्यादा निखार और पोषण दे सकती है। मुल्तानी मिट्टी में मैग्नीशियम क्ले, कैल्शियम बेंटोनाइट, और दूसरे मिनरल्स होते हैं, जो इसे त्वचा के लिए बेहद लाभकारी बनाते हैं। इसके नियमित प्रयोग से पिंपल्स, ब्लैकहेड्स, और सन टैनिंग जैसी समस्याओं से भी राहत मिलती है
मुल्तानी मिट्टी सिर्फ एक मिट्टी नहीं है, ये तो एक ऐसा घरेलू जादू है जो स्किन को साफ़ करने से लेकर पिंपल्स कम करने और चेहरे पर नेचुरल ग्लो लाने तक हर काम करती है। और सबसे अच्छी बात, ये बिल्कुल सिंपल, सस्ती और आसानी से मिलने वाली चीज़ है।
मुल्तानी मिट्टी क्या होती है?
मुल्तानी मिट्टी, जिसे अंग्रेज़ी में Fuller’s Earth कहा जाता है, एक प्राकृतिक और बहुपयोगी मिट्टी है, जो हल्के पीले, सफ़ेद या भूरे रंग की होती है। इसका नाम पाकिस्तान के मुल्तान शहर पर पड़ा, जहाँ से इसका सबसे पहला उपयोग और व्यापार शुरू हुआ था। यह मिट्टी खासतौर पर त्वचा की देखभाल में इस्तेमाल की जाती है क्योंकि इसमें शोषक (absorbent) गुण होते हैं। यह त्वचा से अतिरिक्त तेल, गंदगी, और पसीने की चिपचिपाहट को प्रभावी ढंग से खींच लेती है, जिससे त्वचा साफ, ताज़ा और दमकती हुई नजर आती है। यही कारण है कि यह दादी-नानी के नुस्खों में खास जगह रखती है और आज भी फेस पैक, स्क्रब और हेयर मास्क में खूब इस्तेमाल होती है।
हर बार पार्लर जाना या महंगे प्रोडक्ट्स खरीदना ज़रूरी नहीं होता। कभी-कभी हमारे घर की रसोई में ही वो चीज़ें होती हैं जो स्किन के लिए चमत्कार कर सकती हैं। मुल्तानी मिट्टी ऐसी ही एक नेचुरल औषधि है जो जब सही चीज़ों के साथ मिल जाए, तो आपकी स्किन को वो सब दे सकती है, जो आप सालों से चाह रही हैं।
मुल्तानी मिट्टी और गुलाब जल
गुलाब जल त्वचा को ठंडक और सुकून देता है। इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण त्वचा को नमी और पोषण प्रदान करते हैं। जब गुलाब जल को मुल्तानी मिट्टी के साथ मिलाया जाता है, तो यह संयोजन त्वचा की गहराई से सफाई करता है और अतिरिक्त तेल को सोख लेता है। इसका मिश्रण त्वचा पर लगाने से , त्तवचा को तरोताजा बनाता है, मुँहासे और पिंपल्स की समस्या को कम करता है, त्वचा को एक प्राकृतिक निखार देता है
ऐसे करें इस्तेमाल
- 1-2 चमच मुल्तानी मिट्टी लें।
- उसमें 1-2 चमच गुलाब जल मिलाएं।
- इस मिश्रण को चेहरे पर अच्छे से लगाएं और सूखने तक छोड़ दें।
- फिर चेहरे को ताजे पानी से धो लें।
- यह उपाय चेहरे की गहराई से सफाई करता है और त्वचा को ताजगी प्रदान करता है।
मुल्तानी मिट्टी और हल्दी का फेस पैक
मुल्तानी मिट्टी त्वचा से अतिरिक्त तेल और गंदगी को हटाकर उसे गहराई से साफ करती है। वहीं हल्दी अपने एंटीबैक्टीरियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों के कारण त्वचा को चमकदार और साफ बनाने में मदद करती है। इन दोनों का संयोजन त्वचा को टोन करता है और दाग-धब्बों को कम करता है। और उसे अतिरिक्त निखार प्रदान करता है।
ऐसे करें इस्तेमाल
- एक कटोरी में मुल्तानी मिट्टी और हल्दी मिलाएं।
- इसमें गुलाब जल या पानी डालकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें।
- इस पेस्ट को साफ चेहरे पर समान रूप से लगाएं।
- 10-15 मिनट तक सूखने दें। गुनगुने पानी से धीरे-धीरे धो लें।
मुल्तानी मिट्टी और शहद
शहद एक प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल और हाइड्रेटिंग तत्व है, जो त्वचा को गहराई से नमी देता है। यह न केवल त्वचा को मॉइस्चराइज करता है, बल्कि झुर्रियों और फाइन लाइन्स को भी कम करने में मदद करता है। जब इसे मुल्तानी मिट्टी के साथ मिलाया जाता है, तो यह संयोजन त्वचा को और भी ज़्यादा लाभ पहुंचाता है। मुल्तानी मिट्टी त्वचा से अतिरिक्त तेल और गंदगी को हटाती है, जबकि शहद उसे नमी और पोषण देता है। यह फेस पैक त्वचा को ग्लोइंग बनाता है, रंगत को निखारता है और त्वचा को टाइट तथा यंग बनाए रखने में सहायक होता है। साथ ही, त्वचा सॉफ्ट और स्मूथ महसूस होती है।
ऐसे करें इस्तेमाल
- 1 चमच मुल्तानी मिट्टी लें।
- उसमें 1 चमच शहद मिलाएं।
- थोड़ी मात्रा में पानी या गुलाब जल डालकर पेस्ट बना लें।
- पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और 10-15 मिनट के बाद धो लें।
- यह मिश्रण चेहरे को हाइड्रेट करता है और उसे चमकदार बनाता है।
मुल्तानी मिट्टी और एलोवेरा जेल
मुल्तानी मिट्टी और एलोवेरा जेल का संयोजन एक बेहतरीन प्राकृतिक फेस पैक बनाता है जो त्वचा की कई समस्याओं का समाधान करता है। यह खासतौर पर तैलीय, मुहाँसों वाली और संवेदनशील त्वचा के लिए फायदेमंद होता है। यह त्वचा को ठंडक पहुंचाता है, एलोवेरा जेल में सूदिंग गुण होते हैं जो जलन, सनबर्न या लालिमा को कम करने में मदद करते हैं। एलोवेरा जेल नमी प्रदान करता है, जिससे मुल्तानी मिट्टी के सूखने पर त्वचा रूखी नहीं होती।
ऐसे करें इस्तेमाल
- दोनों सामग्रियों को मिलाकर एक स्मूद पेस्ट बना लें।
- चेहरे और गर्दन पर पतली परत में लगाएं।
- 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें (पूरी तरह सूखने न दें)।
- गुनगुने पानी से धो लें और मॉइस्चराइज़र लगा लें।
मुल्तानी मिट्टी और खीरे का रस
यह फेस पैक त्वचा को ठंडक, ताजगी और गहराई से सफाई देने में बहुत उपयोगी होता है। खीरे में भरपूर मात्रा में पानी, विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो त्वचा को हाइड्रेट करते हैं और सूजन को कम करते हैं। मुल्तानी मिट्टी त्वचा से अतिरिक्त तेल हटाती है और रोमछिद्रों को साफ करती है। यह त्वचा को ठंडक और आराम देता है, खीरे का रस त्वचा की जलन और लालिमा को शांत करता है। तेलियापन कम करता है, चेहरे को फ्रेश और ग्लोइंग बनाता है
यह पैक डेड स्किन हटाकर त्वचा में नई चमक लाता है। खीरे और मिट्टी का संयोजन सनटैन को हल्का करने में सहायक है।
ऐसे करें इस्तेमाल :
- एक बाउल में मुल्तानी मिट्टी लें।
- उसमें खीरे का रस मिलाकर एक स्मूद पेस्ट बना लें।
- इस मिश्रण को चेहरे और गर्दन पर लगाएं।
- 15–20 मिनट के लिए सूखने दें।
- गुनगुने पानी से धो लें।
डिस्केलमर: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं विभिन्न माध्यमों पर आधारित हैं. MPNews इनकी पुष्टि नहीं करता है.
