गैजेट | iPhone यूजर्स के लिए बड़ी खबर सामने आई है। लोकप्रिय ऐप Truecaller ने घोषणा की है कि उसका कॉल रिकॉर्डिंग फीचर 30 सितंबर 2025 से काम करना बंद कर देगा। कंपनी के मुताबिक, इसका कारण Apple के iOS के नए वर्जन में खुद की इन-बिल्ट कॉल रिकॉर्डिंग सुविधा का शामिल होना है, जिससे थर्ड-पार्टी ऐप्स की जरूरत खत्म हो गई है। अब Truecaller अपने अन्य खास फीचर्स जैसे लाइव कॉलर आईडी और स्पैम कॉल ब्लॉकिंग को और बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित करेगा।
Truecaller की कॉल रिकॉर्डिंग सुविधा जो iPhones पर चलती थी, अब 30 सितंबर, 2025 से बंद कर दी जाएगी। Truecaller की iOS टीम के अनुसार Apple की सख्त पॉलिसी और तकनीकी चुनौतियों के चलते इस फीचर की जटिलता और लागत बढ़ गई है।
कॉल रिकॉर्डिंग हमेशा रही मुश्किल
iPhone पर कॉल रिकॉर्डिंग हमेशा मुश्किल और महंगी रही है क्योंकि iOS प्लेटफॉर्म सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर बहुत सख्त है। Android में कॉल रिकॉर्डिंग सीधी और आसान है, लेकिन iPhone पर Truecaller को कॉल रिकॉर्ड करने के लिए एक खास रिकॉर्डिंग लाइन को कॉल में मर्ज करना पड़ता था। यह प्रक्रिया न केवल जटिल थी बल्कि इसमें अतिरिक्त खर्च भी आता था। Apple ने थर्ड-पार्टी ऐप्स को सीधा कॉल रिकॉर्ड करने की अनुमति नहीं दी है। अब जब Apple ने खुद की इन-बिल्ट कॉल रिकॉर्डिंग सुविधा पेश कर दी है, तो Truecaller के लिए इस महंगे और पेचीदा समाधान को जारी रखना व्यावहारिक नहीं रहा।
Truecaller ने दी डेटा सुरक्षा की सलाह
Truecaller ने iPhone यूजर्स को चेतावनी दी है कि वे 30 सितंबर से पहले अपनी सभी कॉल रिकॉर्डिंग का बैकअप कर लें, क्योंकि इस तारीख के बाद सभी पुरानी रिकॉर्डिंग डेटा हमेशा के लिए डिलीट कर दिया जाएगा। कंपनी ने यूजर्स को सलाह दी है कि वे अपनी जरूरी ऑडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के लिए दिए गए स्टेप्स का पालन करें, ताकि महत्वपूर्ण डेटा खोने से बचा जा सके।
- Truecaller ऐप में अपनी जरूरी ऑडियो रिकॉर्डिंग को सेव करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें
- सबसे पहले iPhone पर Truecaller ऐप खोलें और “Record” टैब पर जाएं।
- इसके बाद ऊपर दिए गए “Settings” आइकन पर टैप करें और “Storage Preference” को iCloud Storage पर सेट करें।
- अगर iCloud ऑप्शन डिसेबल दिखे तो iPhone सेटिंग्स में जाकर Settings > Your Name > iCloud > Saved to iCloud में Truecaller को ऑन करें।
- किसी खास रिकॉर्डिंग को डाउनलोड करने के लिए “Record” टैब में उस रिकॉर्डिंग पर बाएं स्वाइप करें
- “Share” या “Export” पर टैप कर उसे फोन की लोकल स्टोरेज या किसी दूसरी क्लाउड सेवा में सेव कर लें।
