भोपाल | मध्य प्रदेश की खूबसूरती किसी से छुपी नहीं है। इस बात का अंदाजा यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या को देखकर साफ तौर पर लगाया जा सकता है। मध्य प्रदेश में आने वाले लोग जब यहां की संस्कृति, परंपरा, इतिहास और पर्यटक स्थलों से रूबरू होते हैं तो उनका मन खुश हो जाता है।
अगर आप घूमने फिरने की शौकीन है और एमपी के अलग-अलग स्थान का दीदार करना चाहते हैं। तो हम आपको कुछ ऐसे पर्यटक स्थलों के बारे में बताते हैं, जिनकी खूबसूरती आपका मन मोह लेगी। यहां जाकर आप अपने परिवार, दोस्तों और पार्टनर के साथ बहुत अच्छा वक्त गुजार सकते हैं।
पातालकोट
यह छिंदवाड़ा जिले के तामिया में आने वाला एक खूबसूरत इलाका है। यहां पाताल से जुड़ी कहानियां बहुत प्रसिद्ध है। यहां पर आज भी कुछ ऐसे जनजातियां रहती हैं जो शहरों से नहीं जुड़ पाई हैं। अगर आप भारतीय संस्कृति और इतिहास को पास से जानना चाहते हैं तो यहां जा सकते हैं।
अमरकंटक
सतपुड़ा और विंध्य के संगम तट पर स्थित अमरकंटक बहुत ही खूबसूरत है। ये तीर्थ स्थल होने के साथ एक हिल स्टेशन के तौर पर भी प्रसिद्ध है। धार्मिक ग्रंथो में भी इस जगह का उल्लेख मिलता है। यहां पर कलचुरी का प्राचीन कालीन मंदिर मौजूद है। आप यहां पातालेश्वर मंदिर, कर्ण मंदिर, दूध धारा प्रपात, कपिलधारा प्रपात देख सकते हैं।
पन्ना
इस शहर को सबसे ज्यादा अपने हीरे की खदानों के लिए पहचाना जाता है। अगर आप बाघों को देखना चाहते हैं तो यहां जा सकते हैं। यहां की पांडव गुफा और झरना शहर के सबसे प्रसिद्ध स्थलों में से एक है। यहां के पुरातत्व संग्रहालय में आपको पुरानी मूर्तियों का दीदार करने को भी मिलेगा।
चंदेरी
चंदेरी का नाम जब जब सामने आता है लोगों को खूबसूरत साड़ियां याद आ जाती है। यहां की सिल्क साड़ियों को जवाब बनते देखेंगे तो हैरान हो जाएंगे। इसके अलावा आप यहां बादल महल, कटी घाटी, रामनगर महल जैसी जगह देख सकते हैं।
भोपाल
भोपाल मध्य प्रदेश की राजधानी है और इसे झील नगरी के नाम से पहचाना जाता है। यहां जाकर आप बड़ा तालाब छोटा तालाब जैसी झीलों का दीदार कर सकते हैं। इसके अलावा यहां पर आप मोती मस्जिद, ताजमहल, रानी कमलापति महल, गौहर महल, भारत भवन, मानव संग्रहालय का दीदार कर सकते हैं।
