, ,

2026 में MP के 32 IAS-IPS होंगे रिटायर, आईजी लॉ एंड ऑर्डर की तलाश; यहां देखें लिस्ट

Author Picture
Published On: 29 December 2025

MP का प्रशासनिक ढांचा अगले साल एक बड़े बदलाव के दौर से गुजरने वाला है। साल 2026 में प्रदेश कैडर के 32 वरिष्ठ अधिकारी 16 आईएएस और 16 आईपीएस सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। इनमें पुलिस और प्रशासन के वे चेहरे शामिल हैं, जिनके कंधों पर अब तक नीति, कानून-व्यवस्था और शासन की रीढ़ टिकी रही है। रिटायर होने वालों की सूची में डीजीपी, स्पेशल डीजी, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसपी स्तर तक के अफसर शामिल हैं। प्रशासनिक सेवा में शिवपुरी के कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी, शहडोल के कलेक्टर केदार सिंह और चंबल संभाग के कमिश्नर सुरेश कुमार का नाम भी अगले साल विदाई लेने वालों में है।

प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को फिलहाल एक साल का सेवा विस्तार मिल चुका है। यदि उन्हें दोबारा एक्सटेंशन नहीं मिला, तो वे 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। ऐसे में सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि अगला मुख्य सचिव कौन बनेगा और क्या केंद्र से कोई बड़ा नाम लौटेगा।

उमराव की कुर्सी पर सस्पेंस

1996 बैच के आईएएस अधिकारी उमाकांत उमराव, जो वर्तमान में खनिज साधन और पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव हैं, अगस्त 2026 में रिटायर होंगे। चर्चा इस बात की है कि उन्हें मुख्य सचिव स्तर का वेतनमान मिलेगा या नहीं। यह पूरी तरह इस पर निर्भर करेगा कि मौजूदा मुख्य सचिव कब तक बने रहते हैं और केंद्र में तैनात वरिष्ठ अफसरों की वापसी होती है या नहीं। सूत्रों की मानें तो यदि केंद्र से अपर मुख्य सचिव स्तर का कोई अधिकारी प्रदेश में लौटता है, तो उमाकांत उमराव का वेतनमान अटक सकता है। यही वजह है कि मंत्रालय के गलियारों में इस पद को लेकर अभी से गुणा-भाग शुरू हो गया है।

पुलिस महकमे में भी तलाश शुरू

आईपीएस कैडर में एडीजी इंटेलिजेंस और आईजी लॉ एंड ऑर्डर जैसे पद बेहद अहम माने जाते हैं। अगले साल इन पदों पर बदलाव तय है, इसलिए सरकार को अभी से भरोसेमंद और अनुभवी अफसरों की तलाश करनी होगी। कानून-व्यवस्था के लिहाज से यह नियुक्तियां काफी संवेदनशील होंगी। प्रशासनिक बदलाव सिर्फ मंत्रालय और पुलिस तक सीमित नहीं रहेंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल जैसे अहम संस्थान के लिए भी सरकार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की नियुक्ति करनी होगी, जिससे शैक्षणिक कामकाज प्रभावित न हो।

देखें लिस्ट

नाम पद रिटायरमेंट महीना
अनुराग जैन मुख्य सचिव सितंबर
अलका उपाध्याय सचिव, केंद्रीय अल्पसंख्यक आयोग
आशीष श्रीवास्तव सचिव, इंटर स्टेट काउंसिल सचिवालय, गृह मंत्रालय अक्टूबर
स्मिता भारद्वाज चेयरमैन, माध्यमिक शिक्षा मंडल मार्च
उमाकांत उमराव प्रमुख सचिव, खनिज साधन विभाग अगस्त
अरुणा गुप्ता सचिव, लोकायुक्त संगठन अक्टूबर
माल सिंह भयड़िया एमडी, एमपी खादी ग्राम उद्योग बोर्ड जून
उर्मिला शुक्ला कमिश्नर, आर्कियोलॉजी विभाग
ललित दाहिमा सचिव, राजस्व मंडल दिसंबर
सुरेश कुमार कमिश्रर, चंबल संभाग सितंबर
चंद्रशेखर वालिम्बे अपर सचिव, राजस्व नवंबर
रविंद्र कुमार चौधरी कलेक्टर, शिवपुरी नवंबर
संजय कुमार अपर सचिव, राजस्थ अप्रैल
संजय कुमार मिश्रा अपर सचिव, आयुष विभाग दिसंबर
केदार सिंह कलेक्टर, शहडोल नवंबर
जी.एस. धुर्वे अपर कलेक्टर, बालाघाट अगस्त

2025 ने पहले ही दिखा दिया असर

इस साल 2025 में ही 29 आईएएस-आईपीएस अफसर रिटायर हो चुके हैं या होने वाले हैं। इनमें मुख्य सचिव और डीजीपी जैसे पद शामिल थे, जिन्हें विशेष परिस्थितियों में सेवा विस्तार दिया गया। स्पेशल डीजी पवन श्रीवास्तव इसी महीने रिटायर हो रहे हैं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp