भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर अब यात्रियों को चार घंटे तक नि:शुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। यह सेवा देशभर के 39 हवाई अड्डों पर एक साथ शुरू की गई है। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कोयंबटूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से इसका वर्चुअल शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि टर्मिनल परिसर में निर्बाध इंटरनेट सेवा के लिए छह हाई-स्पीड वाई-फाई एक्सेस पॉइंट स्थापित किए गए हैं। यात्रियों को न्यूनतम 1 एमबीपीएस की स्पीड उपलब्ध कराई जा रही है। इससे फ्लाइट का इंतजार कर रहे यात्री आसानी से ऑफिस का काम निपटा सकेंगे, वीडियो कॉल कर सकेंगे या सोशल मीडिया और मनोरंजन से जुड़े कार्य कर पाएंगे। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि भविष्य में आवश्यकता के अनुसार स्पीड और कवरेज बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।
राजा भोज एयरपोर्ट
वाई-फाई का उपयोग करने के लिए यात्रियों को एयरपोर्ट परिसर में उपलब्ध अधिकृत नेटवर्क का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी आधारित सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सत्यापन के तुरंत बाद चार घंटे तक मुफ्त इंटरनेट सुविधा सक्रिय हो जाएगी। यह सुविधा एक बार के लॉग-इन पर लगातार चार घंटे तक उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रियों को बार-बार कनेक्ट होने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। उन्हें “May I Help You” काउंटर पर टोकन आधारित सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से लॉग-इन कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की तकनीकी दिक्कत या कनेक्टिविटी समस्या होने पर यात्री इसी काउंटर से सहायता ले सकेंगे। इससे विदेशी यात्रियों को भी बिना किसी परेशानी के इंटरनेट सुविधा मिल सकेगी।
यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की पहल
एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बढ़ते डिजिटल दौर में एयरपोर्ट पर बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी अब बुनियादी जरूरत बन चुकी है। ऐसे में यह सुविधा यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी और भोपाल एयरपोर्ट पर यात्रा का अनुभव पहले से अधिक सुविधाजनक बनेगा।
