, ,

GST को लेकर AAP का हमला, नवीन अग्रवाल बोले- “सरकार खेल रही आंकड़ों का खेल”

Author Picture
Published On: 7 September 2025

आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने केंद्र की मोदी सरकार पर GST को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नई टैक्स दरों को जनता के लिए राहत बताकर गुमराह कर रही है। दरअसल, सरकार ने कहा है कि अब जीएसटी केवल दो स्लैब 5% और 18% में होगा, लेकिन असलियत यह है कि 28% को खत्म कर उसकी जगह 40% की नई दर जोड़ दी गई है। जनता के बोझ में कमी नहीं, बल्कि और इजाफा किया गया है।

सर्विस सेक्टर पर कोई बदलाव नहीं

अग्रवाल ने कहा कि सरकार की आय का सबसे बड़ा जरिया सर्विस सेक्टर है। इसमें पहले भी 18% जीएसटी लिया जाता था और आज भी उतना ही है। अगर सरकार सचमुच जनता को महंगाई से राहत देना चाहती, तो सर्विस टैक्स को घटाकर 5% करती। लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

पेट्रोल-डीजल पर सवाल

आप नेता ने पेट्रोल और डीजल को जीएसटी में शामिल न करने पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद क्रूड ऑयल सस्ता होने के बावजूद पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम नहीं हुईं। अगर इन्हें जीएसटी के दायरे में लाया जाता, तो पेट्रोल करीब 60 रुपए और डीजल 50 रुपए लीटर में मिल सकता था। इससे ट्रांसपोर्ट सस्ता होता और महंगाई पर लगाम लगती। लेकिन सरकार ने उद्योगपतियों का ध्यान रखते हुए पेट्रोल-डीजल को जीएसटी से बाहर रखा है।

किसानों को भी राहत नहीं

अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए भी कुछ नहीं किया। खेती में सबसे ज्यादा डीजल की जरूरत पड़ती है, लेकिन उस पर कोई राहत नहीं दी गई। यहां तक कि कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाले सामान और सेवाओं पर भी टैक्स जस का तस है। जबकि अगर सरकार किसानों की लागत घटाना चाहती तो इन पर जीएसटी शून्य कर सकती थी।

गब्बर सिंह टैक्स

आप प्रवक्ता ने कहा कि अब बड़ी कारों और हैवी बाइक पर 28% की जगह 40% जीएसटी लगाया गया है। इसका असर सीधे मिडिल क्लास पर पड़ेगा। उन्होंने तंज कसा कि सरकार एक हाथ से कान छोड़कर दूसरे हाथ से पकड़ रही है। यानी राहत का दिखावा किया जा रहा है, लेकिन असल में जेब पर और बोझ डाला जा रहा है।

अग्रवाल ने साफ कहा कि सरकार जनता को महंगाई से कोई राहत नहीं देने वाली। 22 सितंबर के बाद भी रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम पहले जैसे ही रहेंगे और भाजपा सरकार आंकड़ों की बाजीगरी कर जनता की जेब पर टैक्स का डाका डालती रहेगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp