,

भोपाल के अरेड़ी में अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का बुलडोजर, दो कॉलोनियों में तोड़ी बाउंड्रीवॉल और उखाड़ी सड़कें

Author Picture
Published On: 4 February 2026

भोपाल के अरेड़ी इलाके में बुधवार को अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। हुजूर तहसील अंतर्गत विकसित हो रही दो अवैध कॉलोनियों में जेसीबी की मदद से बाउंड्रीवॉल तोड़ दी गई, वहीं आंतरिक सड़कें भी उखाड़ दी गईं। यह कार्रवाई उन कॉलोनियों पर की गई, जो बिना अनुमति और नियमानुसार स्वीकृति के विकसित की जा रही थीं।

यह पूरी कार्रवाई एसडीएम विनोद सोनकिया के निर्देशन में की गई। मौके पर अतिरिक्त तहसीलदार वृत-2 अतुल शर्मा के नेतृत्व में राजस्व अमला और पुलिस बल मौजूद रहा। राजस्व निरीक्षक प्रेमनारायण पराजपति, पटवारी विशाल शर्मा और अयोध्या नगर थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या विरोध की स्थिति न बने।

भोपाल में चला बुलडोजर

प्रशासन ने जिन कॉलोनियों पर कार्रवाई की, उनमें हरिदेव लेक सिटी और सियाराम सिटी शामिल हैं। जांच में सामने आया कि इन कॉलोनियों का विकास बिना वैधानिक अनुमति के किया जा रहा था। कॉलोनाइजरों ने प्लॉट काटकर सड़कें बना दी थीं और बाउंड्रीवॉल खड़ी कर दी गई थी, जिससे आम लोग भ्रमित होकर प्लॉट खरीदने लगे थे।

अवैध विकास पर नहीं चलेगी मनमानी

एसडीएम विनोद सोनकिया ने स्पष्ट किया कि हुजूर तहसील क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि शहर का विकास नियोजित तरीके से हो और आम नागरिकों के साथ धोखाधड़ी न हो।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे प्लॉट या मकान खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधानिक स्थिति जरूर जांच लें। संबंधित विभाग से अनुमति और लेआउट स्वीकृति की जानकारी लेना जरूरी है, ताकि भविष्य में कानूनी परेशानी से बचा जा सके।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अरेड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों की पहचान की जा रही है। आने वाले दिनों में और भी स्थानों पर इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान से यह साफ संदेश दिया गया है कि नियमों को ताक पर रखकर कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp