भोपाल | नगर निगम भोपाल द्वारा सड़कों, फुटपाथों, कॉरीडोर और सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने निगमायुक्त हरेंद्र नारायण के निर्देश पर शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त किया।
सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में करोंद, महात्मा गांधी मार्केट, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, रॉयल मार्केट, बुधवारा, बैरागढ़, एमपी नगर, साकेत नगर, टीटी नगर, कोलार रोड, नेहरू नगर सहित करीब 35 से अधिक क्षेत्रों को शामिल किया गया।
ये सब किए गए जब्त
कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने सार्वजनिक मार्गों और नालियों पर अवैध रूप से बनाए गए शेड, छप्पर, चबूतरे, जालियां, भवन निर्माण सामग्री, कंडम वाहन, ठेले, गुमठियां, सब्जी दुकानें और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया। इस दौरान 11 ठेले, 1 पान पार्लर, 1 बड़ी गुमठी, 2 फोल्डिंग टेबल और 13 स्टूल जब्त किए गए।
नगर निगम ने विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करते हुए ठेले, गुमठी, कपड़ा, सब्जी व बैग की दुकानें, फर्शियां, शेड, तार फेंसिंग और सड़क पर खड़े वाहन हटाए। इस दौरान 06 ठेले, 02 काउंटर और 02 स्टूल जप्त किए गए।
(नगर पालिक निगम, भोपाल #ULBCode802312)#BMCNews pic.twitter.com/L15FflWGxc
— Bhopal Municipal Corporation (@BMCBhopal) July 3, 2025
यहां हुई कार्रवाई
| शहर | कार्रवाई |
| ललिता नगर | तीन मकानों के सामने अवैध जालियां हटाईं गईं |
| करोंद चौराहा | निर्माण सामग्री हटाई गई |
| बुधवारा-बैंड मास्टर चौराहा | छह दुकानों के सामने बनाए गए अवैध शेड हटाए गए |
| नया बसेरा-नेहरू नगर | नाली पर बने चबूतरे तोड़े गए |
| टीटी नगर | दो अवैध छप्पर हटाए गए |
निगम ने दी चेतावनी
इसके अतिरिक्त, निगम की भवन अनुज्ञा शाखा के सहयोग से साकेत नगर, एम्स के पास एक अवैध दुकान और दो छप्पर जेसीबी से तोड़े गए। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और जिला प्रशासन के सहयोग से आशा राम तिराहे से सेंट मारिया स्कूल तक 20 अतिक्रमण हटाए गए।
निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम ने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा करने से परहेज करें और नगर स्वच्छता में सहयोग दें।
