भोपाल | राजधानी भोपाल के एक प्रतिष्ठित त्वचा रोग विशेषज्ञ ठगी का शिकार हो गए। पॉइजन क्लिनिक चलाने वाले डॉ. अभिनीत गुप्ता से एक मुंबई निवासी इवेंट कंपनी के डायरेक्टर ने लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में बैकडोर एंट्री दिलाने का वादा करके दस लाख रुपये ठग लिए। तीन साल गुजरने के बाद जब न एंट्री हुई और न ही पैसे लौटे, तो डॉक्टर को पुलिस की शरण लेनी पड़ी।
पुलिस ने दी ये जानकारी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चूना भट्टी क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय डॉ. अभिनीत गुप्ता को अक्टूबर 2022 में करण सिंह उर्फ प्रिंस नामक एक व्यक्ति ने संपर्क किया। करण मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में एक इवेंट कंपनी का डायरेक्टर है। उसने दावा किया कि उसके पास रियलिटी शो में प्रतिभागियों की “बैकडोर एंट्री” कराने की सीधी पहुंच है और वह 60 लाख रुपए में डॉ. गुप्ता को अगली ‘बिग बॉस’ सीजन में शामिल करा देगा। शुरुआती भरोसे के चलते डॉक्टर ने 10 लाख रुपये एडवांस में दे भी दिए।
कुछ समय बाद बिग बॉस के सीजन की प्रतिभागियों की लिस्ट सार्वजनिक हो गई, लेकिन उसमें डॉक्टर का नाम नहीं था। इसके बाद, एक और सीजन निकल गया और डॉक्टर को समझ आ गया कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं। जब उन्होंने आरोपी से बार-बार पैसे की मांग की, तो करण ने टाल-मटोल शुरू कर दी। धीरे-धीरे उसने कॉल उठाना और मैसेज का जवाब देना भी बंद कर दिया।
केस दर्ज
जुलाई 2023 तक इंतजार करने के बाद डॉक्टर ने चूना भट्टी थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने लंबी जांच के बाद आरोपी करण सिंह और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी ने जानबूझकर झूठे दावे किए और पैसे लेकर फरार हो गया।
आरोपी फरार
पुलिस अब करण सिंह की तलाश में मुंबई रवाना होने की तैयारी कर रही है। अधिकारी मान रहे हैं कि इस तरह के मामलों में कई और लोग भी ठगी का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि इस प्रकार के किसी भी बड़े वादे से पहले कानूनी सलाह जरूर लें और ठोस प्रमाणों के बिना किसी को रकम न दें।
