राजधानी भोपाल के लिए आज का दिन खास बन गया, जब शहर को उसकी पहली मेट्रो सेवा मिल गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हरी झंडी दिखाकर भोपाल मेट्रो का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके साथ ही भोपाल उस सूची में शामिल हो गया, जहां आधुनिक शहरी परिवहन व्यवस्था ने आकार लेना शुरू कर दिया है। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सुभाष नगर स्टेशन से एम्स स्टेशन तक मेट्रो में सवार हुए। इस पहली यात्रा में मेट्रो पूरी तरह भरी नजर आई। करीब 30 स्कूली बच्चों सहित लगभग 300 यात्री इस ऐतिहासिक सफर का हिस्सा बने। बच्चों में मेट्रो को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने इसे भोपाल के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
मेट्रो यात्रा के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एम्स मेट्रो स्टेशन पहुंचे। यहां उनके साथ केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, नगरीय प्रशासन मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्टेशन परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पूरे क्षेत्र को सुसज्जित किया गया था।
7 साल का इंतजार खत्म
करीब सात साल बाद भोपाल में मेट्रो का सपना साकार हुआ है। मेट्रो का पहला चरण सुभाष नगर से एम्स तक तैयार किया गया है, जिसकी कुल लंबाई 6.22 किलोमीटर है। इस कॉरिडोर में आठ स्टेशन शामिल हैं, जो शहर के अहम इलाकों को आपस में जोड़ते हैं। उद्घाटन से पहले रातभर सभी स्टेशनों पर अंतिम तैयारियां की गईं और उन्हें फूलों व रोशनी से सजाया गया। भोपाल मेट्रो की सेवाएं आम लोगों के लिए कल से शुरू हो जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे शहर के सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलेगी और सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। खासतौर पर ऑफिस जाने वाले लोगों, छात्रों और मरीजों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
LIVE: भोपाल में सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन पर हरी झण्डी दिखाकर मेट्रो ट्रेन का शुभारंभ एवं पत्रकार वार्ता#BhopalMetroForViksitMP https://t.co/V72YD9C6Mv
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) December 20, 2025
आज माननीय केंद्रीय मंत्री श्री @mlkhattar जी के साथ कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर, भोपाल से सिंगल क्लिक द्वारा नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत ₹5,800 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर भोपाल महानगर क्षेत्र (मेट्रोपॉलिटन एरिया) का भी शुभारंभ किया।… pic.twitter.com/jap41QLWwf
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) December 20, 2025
मेट्रोपॉलिटन सिटी का शुभारंभ
मेट्रो उद्घाटन से पहले कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में भोपाल मेट्रोपॉलिटन सिटी का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिकॉर्डेड वीडियो संदेश भी दिखाया गया, जिसमें उन्होंने भोपाल को इस नई उपलब्धि के लिए बधाई दी। भोपाल मेट्रो को शहर के विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इसके विस्तार से न सिर्फ यात्रा आसान होगी, बल्कि राजधानी को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था भी मिलेगी।
LIVE: भोपाल मेट्रो का शुभारंभ https://t.co/p4lREHlUXT
— Manohar Lal (@mlkhattar) December 20, 2025
