,

भोपाल में अक्टूबर से दौड़ेगी मेट्रो, PM मोदी दिखा सकते हैं हरी झंडी; पहले 7 दिन फ्री सफर

Author Picture
Published On: 19 September 2025

राजधानी के लोगों का लंबे समय से इंतजार अब खत्म होने वाला है। अक्टूबर से भोपाल में मेट्रो ट्रेन की शुरुआत हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद आकर इसे हरी झंडी दिखा सकते हैं। उससे पहले 24 सितंबर को कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम भोपाल पहुंचेगी और 25-26 सितंबर को मेट्रो के डिपो और ट्रैक का निरीक्षण करेगी। जैसे ही यह शेड्यूल तय हुआ, मेट्रो अफसरों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

किराए पर बड़ी राहत

मेट्रो के किराए को लेकर भी चर्चा जारी है। शुरुआती 7 दिन तक लोगों को बिल्कुल फ्री सफर करने का मौका मिलेगा। उसके बाद तीन महीने तक चरणबद्ध तरीके से छूट मिलेगी- पहले 75%, फिर 50% और उसके बाद 25%। छूट खत्म होने के बाद भोपाल में न्यूनतम किराया 20 रुपए और अधिकतम 80 रुपए रहेगा। इंदौर मेट्रो में भी यही मॉडल लागू किया गया था।

6KM का पहला फेज

भोपाल मेट्रो की ऑरेंज लाइन के पहले फेज में सुभाषनगर से एम्स तक करीब 6 किलोमीटर का सफर तय होगा। वहीं, सुभाषनगर से करोंद तक का दूसरा फेज अगले 2 से 3 साल में पूरा होगा। अभी एम्स, अलकापुरी और डीआरएम ऑफिस स्टेशन पर गेट लगाने और दूसरे जरूरी काम तेजी से किए जा रहे हैं। इन कामों को अगले 15 दिन में पूरा करने का टारगेट रखा गया है।

30 से 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार

ट्रायल रन के दौरान मेट्रो को 30 से 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलाया जा रहा है। बीच-बीच में इसकी स्पीड 100 से 120 किमी प्रति घंटा तक भी बढ़ाई जा रही है। ट्रैक पर सिग्नल सिस्टम की टेस्टिंग भी लगातार जारी है।

टिकट सिस्टम मैन्युअल

मेट्रो का टिकट सिस्टम अभी ऑटोमैटिक नहीं होगा। इंदौर की तरह भोपाल में भी मैन्युअल टिकट का इंतजाम किया गया है। दरअसल, तुर्किये की कंपनी असिस गार्ड को ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम लगाने का काम दिया गया था, लेकिन विवादों के बाद उसका टेंडर कैंसिल कर दिया गया। अब नई कंपनी के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई है, जिसमें समय लगेगा। तब तक भोपाल में ट्रेन जैसी ही मैन्युअल टिकटिंग व्यवस्था रहेगी।

बड़ा बदलाव

अक्टूबर से जब मेट्रो पटरी पर दौड़ेगी तो राजधानी के यातायात में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। फिलहाल लोग इंतजार कर रहे हैं कि पहली मेट्रो कब चलेगी और उन्हें “अगला स्टेशन एम्स है, दरवाजे बाईं ओर खुलेंगे” जैसी घोषणाएं सुनाई दें।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp