भोपाल के टीटी नगर इलाके में शनिवार शाम एक चौंकाने वाली लूट की वारदात सामने आई, जहां माइनिंग विभाग की एक महिला कर्मचारी को उसके ही घर में बंधक बनाकर लूटा गया। बदमाशों ने चाकू की नोक पर वारदात को अंजाम दिया और करीब सवा तीन लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात का मुख्य आरोपी पीड़िता के घर में काम करने वाली नौकरानी का बेटा आशीष उर्फ गोली रायकवार है। उसने अपने 15 वर्षीय नाबालिग मौसेरे भाई के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। आशीष हाल ही में हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल से छूटकर बाहर आया था।
भोपाल टीटी नगर
टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह के अनुसार, पीड़िता अर्चना वर्मा (28) 98 क्वार्टर, टीटी नगर में रहती हैं। वह माइनिंग डिपार्टमेंट में असिस्टेंट ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता एक निजी संस्थान में सिक्योरिटी गार्ड हैं, जबकि मां का बीमारी के चलते पहले ही निधन हो चुका है। घर की जिम्मेदारियों के कारण अर्चना ने हाउस कीपिंग के लिए मेड रखी हुई थी।
आरोपी आशीष पहले भी अर्चना के घर छोटे-मोटे काम करता रहा था। उसे घर की पूरी जानकारी थी, साथ ही यह भी पता था कि पीड़िता के पिता कब ड्यूटी पर जाते और लौटते हैं। इसी भरोसे और पहचान का फायदा उठाकर उसने वारदात की योजना बनाई।
गेट खुलते ही अंदर घुसे बदमाश
घटना के वक्त आरोपी काम के बहाने अर्चना के घर पहुंचे। गेट पर दस्तक दी और जैसे ही दरवाजा खुला, दोनों ने धक्का देकर अंदर प्रवेश कर लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर अर्चना को डराया और घर में रखे कैश और कीमती सामान के बारे में जानकारी ली।
करीब 15 मिनट के भीतर बदमाशों ने 1.68 लाख रुपये नकद, एक एप्पल मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लूट लिया। कुल मिलाकर करीब सवा तीन लाख रुपये का माल लेकर दोनों मौके से फरार हो गए।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। रविवार तड़के एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी आशीष और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने लूट की पूरी रकम और सामान भी बरामद कर लिया है। दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
