,

भोपाल को मिलेगी मेट्रो की सौगात, शाम में होगा लोकार्पणl; PM मोदी वर्चुअली शामिल

Author Picture
Published On: 20 December 2025

भोपालवासियों के लिए बहुप्रतीक्षित मेट्रो सेवा अब हकीकत बनने जा रही है। राजधानी में 21 दिसंबर से मेट्रो ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होगा। इससे शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और लोगों को जाम से राहत मिलेगी। मेट्रो की शुरुआत को भोपाल के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मेट्रो सेवा का लोकार्पण शनिवार, 20 दिसंबर को किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम शाम 4:15 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।

शुरुआती चरण में मेट्रो का संचालन एम्स स्टेशन से सुभाष नगर स्टेशन तक किया जाएगा। यह ट्रायल नहीं, बल्कि नियमित सेवा होगी, जिसका लाभ 21 दिसंबर की सुबह 9 बजे से आम नागरिक उठा सकेंगे। पहली मेट्रो ट्रेन एम्स स्टेशन से रवाना होकर सुभाष नगर पहुंचेगी।

ट्रिप का प्लान

मेट्रो सेवा सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेगी। दोनों दिशाओं में मिलाकर रोजाना कुल 17 ट्रिप चलाई जाएंगी। एम्स से सुभाष नगर की ओर 9 ट्रिप होंगी, जबकि सुभाष नगर से एम्स की ओर 8 ट्रिप निर्धारित की गई हैं। आखिरी मेट्रो ट्रेन शाम 5 बजे एम्स से चलेगी और करीब 6:25 बजे सुभाष नगर पहुंचेगी। मेट्रो का किराया इस तरह तय किया गया है कि हर वर्ग के लोग इसका इस्तेमाल कर सकें। पहले दो स्टेशनों तक यात्रा करने पर 20 रुपये किराया देना होगा। तीन से चार स्टेशनों तक का किराया 30 रुपये रखा गया है, जबकि पांच से आठ स्टेशनों तक सफर करने पर 40 रुपये चुकाने होंगे। पूरा कॉरिडोर शुरू होने के बाद अधिकतम किराया 70 रुपये होगा।

रफ्तार

भोपाल मेट्रो की गति 30 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रहेगी। एक रूट पर मेट्रो लगभग 75 मिनट में पूरा सफर तय करेगी। एम्स से सुभाष नगर तक की दूरी करीब 40 मिनट में पूरी होगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस मेट्रो यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव देगी। भोपाल मेट्रो परियोजना के तहत दो कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं। पहला ऑरेंज लाइन कॉरिडोर 16.74 किलोमीटर लंबा है, जो करोंद से एम्स तक जाएगा। दूसरा ब्लू लाइन कॉरिडोर 14.16 किलोमीटर का है, जो भदभदा से रत्नागिरि तक प्रस्तावित है। शुरुआती चरण में कमलापति, डीआरएम ऑफिस, अलकापुरी और एम्स जैसे स्टेशनों को शामिल किया गया है।

नेताओं का मेट्रो से सफर

लोकार्पण कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कुशाभाऊ ठाकरे हॉल से सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन जाएंगे। वहां मीडिया से चर्चा के बाद दोनों नेता मेट्रो ट्रेन में सवार होकर एम्स स्टेशन तक सफर करेंगे। मेट्रो सेवा शुरू होने से भोपाल को एक आधुनिक शहर की पहचान मिलेगी। इससे न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि पर्यावरण के लिहाज से भी यह एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp