भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक 36 वर्षीय युवक की सीढ़ियों से गिरकर मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक शराब के नशे में घर लौटा था। दूसरी मंजिल पर बने अपने मकान तक पहुंचने के दौरान उसका पैर फिसला और वह नीचे जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान मधुर नामदेव के रूप में हुई है, जो कैंची छोला फाटक के पास रहता था। परिजनों के अनुसार वह पहले जिंसी इलाके के एक कार शोरूम में ड्राइवर के रूप में काम करता था। करीब दो महीने पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। इसके बाद से वह नई नौकरी की तलाश में था, लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद उसे सफलता नहीं मिल रही थी।
भोपाल में कई जगह दिए रिज्यूमे
परिवार वालों ने बताया कि मधुर ने शहर के कई ऑटोमोबाइल शोरूम में रिज्यूमे जमा किए थे। वह रोज नए अवसरों की तलाश में निकलता था। हालांकि किसी भी जगह से उसे जॉइनिंग या इंटरव्यू की पुष्टि नहीं मिली। बेरोजगारी और आर्थिक दबाव के कारण वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।
तनाव के बीच बढ़ी शराब की लत
करीबी लोगों के मुताबिक, नौकरी छूटने के बाद मधुर ने शराब पीना बढ़ा दिया था। गुरुवार रात भी वह शराब के नशे में घर लौटा था। बताया जा रहा है कि सीढ़ियां चढ़ते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस घटना ने बेरोजगारी और मानसिक तनाव से जूझ रहे युवाओं की स्थिति पर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में परिवार और समाज का सहयोग बेहद जरूरी होता है।
