श्योपुर के बड़ौदा में गुरुवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की। सीएम ने सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश के 3 लाख 5 हजार से ज्यादा किसानों के खातों में 238 करोड़ 78 लाख रुपए की मुआवजा राशि भेजी। यह राहत छह जिलों के 2148 गांवों के किसानों तक पहुंची। मुआवजा वितरण में श्योपुर जिला सबसे आगे रहा। यहां 10,078 धान प्रभावित किसानों को 100 करोड़ 83 लाख रुपए दिए गए।
हरदा जिले के 95,989 किसान सोयाबीन क्षति पर 71.52 करोड़, विदिशा के 51,830 किसानों को 29.15 करोड़, नर्मदापुरम के 22,779 किसानों को 19.84 करोड़, धार के 19,173 किसानों को 10.31 करोड़, और खंडवा के 12,961 किसानों को 7.13 करोड़ मिले।
कांग्रेस पर CM के तीखे तंज
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों पर संकट आया तो कांग्रेस कभी साथ नहीं खड़ी हुई। 70 साल सत्ता में रहे, लेकिन किसान के पसीने की कीमत समझ नहीं पाए। हमने 16 हजार प्रति हेक्टेयर का लाभ दिया, कांग्रेस तो 3 हजार भी नहीं देती थी। सीएम ने आगे कहा कि कांग्रेस भावांतर योजना का विरोध कर रही थी, लेकिन सरकार ने वादा निभाकर पैसा किसानों तक पहुंचाया।
राम मंदिर पर भी बरसे
भाषण में सीएम ने कांग्रेस नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा कि पप्पू और पप्पू की मम्मी की सरकार खत्म हो गई। भगवान राम का प्रमाण मांगने वाले आज राम मंदिर को जगमगाता देख रहे हैं। भाजपा की सरकार किसान, गरीब और सनातन संस्कृति की सच्ची चिंता करती है।
आज बड़ौदा, श्योपुर में माननीय विधानसभा अध्यक्ष श्री @nstomar जी के साथ किसान भाइयों को फसल क्षति मुआवजा राशि का अंतरण, विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
कस्बा बड़ौदा में आधुनिक ऑडिटोरियम, गीता भवन, आयुष अस्पताल व नर्सिंग कॉलेज बनाये जाएंगे। pic.twitter.com/XvcOBiJVmf
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) November 27, 2025
लोकार्पण और शिलान्यास
- श्योपुर में 14.80 करोड़ से नर्सिंग कॉलेज
- 14.95 करोड़ से 50 बिस्तरीय आयुष अस्पताल
- 2.75 करोड़ का आदिवासी आश्रम
- तीन नए 33/11 केवी उपकेंद्र
- बागवानी एवं खाद-प्रसंस्करण केंद्र
बड़ौदा और श्योपुर के लिए नई घोषणाएं
सीएम ने बड़ौदा में बाढ़ समाधान के लिए बड़े नाले का निर्माण, नई पुलिया, गीता भवन, चंद्रसागर पर्यटन स्थल और शिव मंदिर के जीर्णोद्धार की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि श्योपुर में बार-बार आऊंगा, ये जिला मेरी प्राथमिकता है। सीएम के आगमन से पहले पुलिस ने कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल को नजरबंद कर लिया। जंडेल का आरोप है कि वे मुख्यमंत्री से क्षेत्र की समस्याओं पर बात करना चाहते थे, लेकिन उन्हें रोका गया। पुलिस ने उन्हें उनके प्रतिष्ठान से उठाकर कोतवाली पहुंचाया, जहां उन्हें करीब एक घंटे तक रोका गया।
