,

CM ने कही ‘संकल्प से समाधान’ अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे लाभ

Author Picture
Published On: 14 January 2026

CM मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में संचालित संकल्प से समाधान अभियान का मूल उद्देश्य आम जनता को सरकार की कल्याणकारी और हितग्राही मूलक योजनाओं का सरल, समयबद्ध और पारदर्शी लाभ दिलाना है। इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने ये निर्देश मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अभियान के तहत सभी गतिविधियां तय समय-सीमा में पूरी हों और प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाएं इस अभियान से जुड़ी हैं, इसलिए प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की शिकायत सामने आने पर तत्काल निराकरण किया जाए।

CM ने कही ये बातें

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार पात्र हितग्राही सिर्फ जानकारी के अभाव में योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। इसलिए संकल्प से समाधान अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला, विकासखंड और ग्राम स्तर तक अधिकारी भ्रमण कर लोगों को योजनाओं की जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से छूट न जाए।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान केवल योजनाओं तक सीमित न रहे, बल्कि इसके माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव भी लाया जाए। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता के प्रति जागरूकता और शिक्षा के लिए प्रेरित करने वाली गतिविधियों को भी शामिल किया जाए, जिससे अभियान का सामाजिक प्रभाव और अधिक मजबूत हो।

सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी भी जरूरी है। इनके सहयोग से जमीनी स्तर पर लोगों तक बेहतर पहुंच बनाई जा सकती है। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई सहित सभी संभागायुक्त मौजूद रहे और अभियान की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।

मुख्यमंत्री ने संभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान सरकार और जनता के बीच विश्वास की कड़ी है, जिसे मजबूत बनाए रखना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp