, ,

दिल्ली धमाके का महू तक पहुंचा धागा, अल फलाह यूनिवर्सिटी का चेयरमैन जवाद सिद्दीकी MP का निवासी

Author Picture
Published On: 12 November 2025

दिल्ली धमाके की गूंज अब मध्य प्रदेश तक पहुंच गई है। जांच में सामने आया है कि फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी, जहां ब्लास्ट का मुख्य आरोपी डॉ. उमर नबी पढ़ाता था, उसका सीधा संबंध इंदौर जिले के महू से जुड़ता है। दरअसल, इस यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी का मूल घर महू के कायस्थ मोहल्ले में है। यही नहीं, इस यूनिवर्सिटी को चलाने वाला अल फलाह चैरिटेबल ट्रस्ट भी जवाद ने ही स्थापित किया था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, जिस डॉ. उमर नबी ने आई-20 कार में विस्फोटक के साथ खुद को उड़ा लिया, वह इसी यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर था। उसके साथ काम करने वाला डॉ. मुजम्मिल शकील फिलहाल गिरफ्तार है, जबकि एक अन्य सहयोगी शाहीन सईद से पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों पहले अल फलाह अस्पताल में साथ काम करते थे।

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दी सफाई

घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सफाई दी है। वाइस चांसलर प्रो. भूपिंदर कौर आनंद ने कहा, “हमारी यूनिवर्सिटी के अंदर किसी भी तरह का विस्फोटक या केमिकल स्टोर नहीं किया गया। यहां सिर्फ मेडिकल स्टूडेंट्स को ट्रेनिंग दी जाती है। जो भी जांच चल रही है, उसमें हमारा पूरा सहयोग रहेगा।” अब जांच टीम का ध्यान चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी की पृष्ठभूमि पर है। सूत्रों के मुताबिक, जवाद ने 90 के दशक में महू से “अल फलाह इन्वेस्टमेंट कंपनी” के नाम से कारोबार शुरू किया था। मुनाफे का झांसा देकर उसने कई लोगों से पैसा जुटाया, लेकिन 2001 में गड़बड़ी के बाद परिवार समेत दिल्ली चला गया और वहीं अल फलाह यूनिवर्सिटी की नींव रखी।

पुराने रिकॉर्ड खंगाले

महू पुलिस ने भी अब उसके पुराने रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं। एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया, “जवाद और उसके परिवार की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। उसका महू स्थित मकान फिलहाल खाली है और मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ है।” स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह चार मंजिला इमारत ‘मौलाना की बिल्डिंग’ के नाम से जानी जाती है। इसमें 25 से ज्यादा खिड़कियां और एक बड़ा तलघर है। मकान जवाद के पिता मोहम्मद हम्माद सिद्दीकी के नाम पर है, जिनकी 1995 में मौत हो चुकी है।

जांच एजेंसियां अब महू से लेकर फरीदाबाद तक के लिंक जोड़ने में जुटी हैं। शुरुआती संकेत साफ बताते हैं कि दिल्ली धमाके की कड़ी, देश के दिल यानी मध्य प्रदेश तक गहराई से जुड़ी हुई है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp