MP में अब फूलों की खेती केवल शौक या परंपरा नहीं, बल्कि मुनाफे का मजबूत जरिया बनेगी। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने साफ कहा है कि प्रदेश में पुष्प उत्पादन को पूरी तरह व्यावसायिक स्वरूप दिया जाएगा और किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस रहेगा। इसी दिशा में 30 जनवरी को भोपाल के गुलाब उद्यान में राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
इस प्रदर्शनी में प्रदेशभर के पुष्प उत्पादक किसान, नर्सरी संचालक, वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालयों के छात्र और फूलों के कारोबार से जुड़े उद्यमी शामिल होंगे।मंत्री कुशवाह ने बताया कि मध्यप्रदेश फूल उत्पादन के मामले में देश में दूसरे स्थान पर है। प्रदेश में करीब 45 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फूलों की खेती हो रही है। हर साल लगभग 5 लाख मीट्रिक टन फूलों का उत्पादन किया जाता है। इससे करीब 40 हजार किसान सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं।
भोपाल में सजेगा फूलों का महाकुंभ
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पुष्प उत्पादन को व्यवसाय के रूप में विकसित कर किसानों की आमदनी को बढ़ाना है। मध्यप्रदेश को फूलों की खेती में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि जिन धार्मिक शहरों और इलाकों में फूलों की मांग ज्यादा रहती है, वहां पुष्प उत्पादन क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। इसी कड़ी में 2028 में होने वाले सिंहस्थ मेले को बड़ा अवसर मानते हुए उज्जैन के आसपास करीब 100 एकड़ क्षेत्र में फूल उत्पादन का विशेष क्लस्टर तैयार किया जा रहा है।
विदेश में बनाई पहचान
उन्होंने गुना जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के किसानों ने गुलाब उत्पादन में देश और विदेश में पहचान बनाई है। गुना का गुलाब दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों के साथ-साथ विदेशी बाजारों तक पहुंच रहा है। मंत्री कुशवाह ने बताया कि फूलों के उत्पादन को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना से भी जोड़ा गया है। कई हितग्राही इस योजना के तहत फूलों से बनने वाले प्रसंस्कृत उत्पादों का काम कर रहे हैं।
आज मंत्रालय में माननीय मुख्यमंत्री @DrMohanYadav51 जी की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में सहभागिता की। बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुई। #CabinetMP #ecabinetmp pic.twitter.com/u7dW9puCrj
— Narayan Singh Kushwah (@Narayan4bjp_) January 27, 2026
राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी को बहुउद्देश्यीय बताया गया है। इसका मकसद किसानों को फूलों की व्यावसायिक खेती के लिए प्रेरित करना, नई तकनीक और उन्नत किस्मों से जोड़ना और नर्सरी व्यवसाय को बढ़ावा देना है।
आकर्षक फूलों की किस्में
प्रदर्शनी में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में उगाई जाने वाली दुर्लभ और आकर्षक फूलों की किस्में दिखाई जाएंगी। गुलाब, जरबेरा, गेंदा, सेवंती, रजनीगंधा, ग्लेडियोलस, ऑर्किड, लिलियम, एंथुरियम और कारनेशन जैसे बहुवर्षीय फूल खास आकर्षण होंगे। इसके अलावा जीनिया, पैंजी, फ्लॉक्स, एस्टर जैसे मौसमी फूल, गमलों में सजावटी पौधे, कैक्टस और बोन्साई समूह भी प्रदर्शित किए जाएंगे। फूलों से बने प्रसंस्कृत उत्पाद भी लोगों को आकर्षित करेंगे।
प्रदर्शनी के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुष्प उत्पादक किसानों, उद्यमियों और समूहों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन स्थल पर फूलों से बनी कलात्मक आकृतियां और थीम आधारित संरचनाएं भी सजाई जाएंगी।
