छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव में संदिग्ध मिठाई खाने से हुई फूड पॉइजनिंग का मामला और गंभीर हो गया है। मंगलवार 13 जनवरी को इलाज के दौरान 72 वर्षीय सुंदर लाल कथूरिया ने दम तोड़ दिया। इससे पहले इसी घटना में पीएचई विभाग के एक गार्ड की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। लगातार दूसरी मौत के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
घटना की शुरुआत शुक्रवार 9 जनवरी को हुई थी। पीएचई विभाग के कार्यालय के पास स्थित एक होटल में कोई अज्ञात व्यक्ति मिठाई से भरी एक थैली छोड़कर चला गया। काफी देर तक जब कोई व्यक्ति उसे लेने नहीं आया, तो होटल और आसपास मौजूद लोगों ने उसे लावारिस समझकर थैली में रखी मिठाई निकाल ली और खा ली।
जुन्नारदेव में फूड पॉइजनिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन से चार लोगों ने उस मिठाई का सेवन किया था। मिठाई खाने के कुछ ही समय बाद सभी को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं। हालत बिगड़ने पर सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार को इलाज के दौरान पहले पीएचई विभाग के गार्ड की मौत हो गई, जबकि मंगलवार को सुंदर लाल कथूरिया ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जहरीले पदार्थ की आशंका
पहली मौत के बाद परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम के ही अंतिम संस्कार कर दिया था, जिससे जांच को लेकर सवाल खड़े हुए थे। दूसरी मौत के बाद प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए सुंदर लाल कथूरिया के शव का पोस्टमॉर्टम कराने का निर्णय लिया है। आशंका जताई जा रही है कि मिठाई में कोई जहरीला पदार्थ मिला हो सकता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
संयुक्त जांच में जुटे पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी ने बताया कि अभी दो मरीजों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
लोगों से अपील
पुलिस उस अज्ञात व्यक्ति की तलाश में जुटी है जिसने होटल में मिठाई की थैली छोड़ी थी। साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि किसी भी लावारिस खाद्य सामग्री का सेवन न करें और ऐसी कोई संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत प्रशासन या पुलिस को सूचना दें।
