भोपाल में दीपावली के मौके पर लोगों को शुद्ध और सुरक्षित मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की सुविधा देने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने भोपाल शहर में सघन अभियान चलाया। इस अभियान का निर्देश नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा सभी कलेक्टरों और जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को दिया गया था। अभियान के तहत दुकानों में स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के सही तरीके से रख-रखाव पर जोर दिया गया।
बाजारों में निरीक्षण
गुरुवार को कलेक्टर भोपाल कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशानुसार शहर के कई बाजारों में निरीक्षण किया गया। टीम ने दुकानदारों को मिठाइयों, मावे, पनीर और अन्य खाद्य सामग्री को ढककर रखने और साफ-सफाई बनाए रखने की हिदायत दी। विशेष ध्यान रखा गया कि कोई मिलावटी या घटिया गुणवत्ता का सामान लोगों तक न पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान जुमेराती स्थित महेंद्र मावा भंडार से मावे के नमूने लिए गए और दो क्विंटल मावा जप्त किया गया। इतवारा स्थित सावंरिया स्वीट्स से मावा, मावा बर्फी और पनीर के नमूने लिए गए, जबकि कुंदन नमकीन से लोंग सेव, बेसन और तेल के नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजने के लिए सुरक्षित रखे गए।
ये लोग रहे शामिल
इसके अलावा, टीम ने चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर ही जांच की। 10 नंबर मार्केट और 6 नंबर मार्केट से मावा, पनीर, बेसन लड्डू, चांदी का वर्क और खाद्य रंग के नमूने तुरंत जांच के लिए परीक्षण किए गए।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, अरूणेश कुमार पटेल, भोजराज धाकड़, साधना सक्सेना, पूजा शाक्या, वर्षा व्यास, जे.पी. लववंशी और एम.एफ.टी.एल केमिस्ट अभिषेक तिवारी शामिल थे। अधिकारियों ने दुकानों की सफाई, खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग और उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया।
गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं
खाद्य सुरक्षा प्रशासन का कहना है कि दीपावली के मौके पर लोगों को मिलावट से मुक्त और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। यह अभियान न केवल मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने में मदद करेगा बल्कि जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगा। भोपाल शहर के बाजारों में इस तरह की लगातार निगरानी से दुकानदारों में जागरूकता बढ़ रही है और लोग भी अब खरीदारी करते समय साफ-सफाई और गुणवत्ता पर ध्यान दे रहे हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन का कहना है कि आगे भी नियमित निरीक्षण जारी रहेगा और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
