MP में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों, स्वास्थ्य संस्थानों, विभिन्न निगमों और विभागीय कार्यालयों में कुल 474 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती लंबे समय से अवसर की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत लेकर आई है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 24 दिसंबर 2025 से चालू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। चयन मंडल ने स्पष्ट किया है कि तय तारीख के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 जनवरी 2026 तय की गई थी। विशेषज्ञों की सलाह है कि आखिरी दिन तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए पहले ही फॉर्म भर दिया जाए।
सरकारी नौकरी का मौका
जो अभ्यर्थी आवेदन करते समय किसी तरह की गलती कर बैठते हैं, उनके लिए राहत की बात यह है कि 12 जनवरी 2026 तक आवेदन में संशोधन का अवसर दिया गया है। इस दौरान उम्मीदवार अपने फॉर्म में आवश्यक सुधार कर सकेंगे। भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों की पोस्टिंग मेडिकल कॉलेजों, स्वास्थ्य संस्थानों, निगमों और विभागीय कार्यालयों में की जाएगी। इससे न केवल सरकारी दफ्तरों में स्टाफ की कमी पूरी होगी, बल्कि सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद है।
युवाओं में बढ़ी उम्मीदें
सीधी भर्ती के इस ऐलान के बाद बेरोजगार युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस भर्ती को स्थिर और सम्मानजनक सरकारी सेवा में प्रवेश का अवसर मान रहे हैं। अब देखना होगा कि चयन प्रक्रिया के जरिए कितने युवाओं का सपना साकार होता है।
