,

भोपाल में आज निकलेगी भव्य शिव बारात, 15 से भोजपुर में तीन दिवसीय ‘महादेव-भोजपुर महोत्सव’

Author Picture
Published On: 15 February 2026

महाशिवरात्रि पर राजधानी भोपाल में आज भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। संयोजक संजय अग्रवाल के अनुसार बारात पुराने शहर स्थित शिवालय भवन से प्रारंभ होकर सिंधी मार्केट, जनकपुरी हनुमानगंज, मंगलवारा, ट्रांसपोर्ट एरिया, इतवारा, चिंतामन चौराहा, गणेश चौक और सावरकर चौक लखेरापुरा होते हुए रात करीब 10 बजे मां भवानी मंदिर पहुंचेगी। यहां वरमाला की रस्म संपन्न होगी। मार्ग पर घर-घर पूजन और स्वागत की तैयारियां की गई हैं। विभिन्न सामाजिक संस्थाएं और ट्रस्ट अपने मंचों से बारात का स्वागत करेंगे।

बारात का मुख्य आकर्षण चांदी के नंदी पर सवार दूल्हा स्वरूप में बाबा बटेश्वर रहेंगे। आकर्षक रथ पर विराजमान उनका स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। प्रदेश के प्रसिद्ध बैंड अपनी प्रस्तुति देंगे, जबकि अलग-अलग प्रांतों से आए नृत्य दल पारंपरिक झलकियां पेश करेंगे। युवाओं का डमरू दल भी इस बार खास रहेगा, जिसमें पहली बार 50 से अधिक बालिकाएं शामिल होंगी। देवी-देवताओं की झांकियां और सुसज्जित रथ शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाएंगे। आयोजन बड़वोल महादेव मंदिर सेवा समिति एवं ट्रस्ट कर रहा है।

भोपाल में निकलेगी शिव बारात

महाशिवरात्रि पर शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से अभिषेक और पूजन का दौर जारी है। बड़ वाले महादेव मंदिर में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान महापौर मालती राय भी मौजूद रहीं। बैरागढ़ के संत हिरदाराम नगर स्थित संकट मोचन खेड़ापति हनुमान मंदिर में भी सुबह अभिषेक और हवन के बाद दोपहर में शिव बारात निकाली जाएगी। यहां डमरू पार्टी, हाथी-घोड़े और डीजे की धुन पर श्रद्धालु शामिल होंगे।

भोजपुर में ‘महादेव-भोजपुर महोत्सव’

रायसेन जिले के ऐतिहासिक भोजपुर मंदिर परिसर में 15 से 17 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे ‘महादेव-भोजपुर महोत्सव’ आयोजित होगा। जिला प्रशासन के सहयोग से होने वाले इस आयोजन में लोकगायन, लोकनृत्य, नृत्य-नाटिका, सुगम संगीत और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन शामिल हैं। 15 फरवरी को ऋषि विश्वकर्मा लोकगायन प्रस्तुत करेंगे और लखबीर सिंह लक्खा भक्ति संगीत से शाम सजाएंगे। 16 फरवरी को नृत्य-नाटिका और महालक्ष्मी अय्यर का सुगम संगीत होगा। 17 फरवरी को अशोक चक्रधर सहित कई कवि काव्यपाठ करेंगे। तीन दिवसीय यह महोत्सव शिव-साधना और कला का संगम बनेगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp