रंगों का त्योहार होली इस वर्ष 4 मार्च को मनाया जाएगा, जबकि उससे एक दिन पहले 3 मार्च की शाम शहर के अलग-अलग इलाकों में होलिका दहन होगा। परंपरा के अनुसार शुभ मुहूर्त में महिलाएं और पुरुष होलिका की पूजा करेंगे और रोली, चावल, फूल, नारियल व गेहूं की बालियां अर्पित करेंगे। भोपाल में सैकड़ों स्थानों पर सामूहिक होलिका दहन की तैयारी चल रही है।
इस बार रोहित नगर स्थित 2 स्टेट्स रिजॉर्ट में ‘भोपाल होली फेस्टिवल 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक, यह कार्यक्रम पहले भी हो चुका है और पिछली बार इसमें 3 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। इस बार सामूहिक होलिका दहन के साथ सांस्कृतिक संध्या और लाइव म्यूजिकल परफॉर्मेंस भी होगी। आयोजन में प्रवेश पास के माध्यम से दिया जाएगा और यह शुल्क आधारित रहेगा।
रंगों की होली
4 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रोहित नगर फेज-2, आकृति इकोसिटी बावड़िया कलां स्थित कंट्रीसाइड कल्चर वेन्यू पर ‘हॉलीवुड होली फेस्ट’ आयोजित होगा। इसमें बॉलीवुड स्टाइल सेलिब्रेशन, अनलिमिटेड ऑर्गेनिक गुलाल, फूड और ठंडाई, डीजे म्यूजिक और सिनेमैटिक वाइब्स का माहौल तैयार किया जाएगा। पिछले साल इस आयोजन में 2500 से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। इस बार भी बड़ी संख्या में युवाओं और परिवारों के पहुंचने की उम्मीद है।
रातीबड़ रोड स्थित 9 एमएम रिजॉर्ट एवं दस्तूर फार्म्स में ‘होली हंगामा 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम भी 4 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। यहां दो बड़े स्विमिंग पूल, बॉलीवुड डीजे, रेन डांस, लाइव ढोल, वॉटर बैलून, फन गेम्स और फूड स्टॉल्स जैसी व्यवस्थाएं रहेंगी। आयोजकों का दावा है कि यह दूसरा संस्करण पहले से ज्यादा भव्य होगा। यहां भी एंट्री पास के जरिए ही प्रवेश मिलेगा।
हर रंग में होली
भोपाल में जहां एक ओर पारंपरिक तरीके से मोहल्लों में होलिका दहन और रंगों की होली खेली जाएगी, वहीं दूसरी ओर युवा वर्ग थीम बेस्ड फेस्टिवल और डीजे पार्टी की ओर आकर्षित हो रहा है। प्रशासन ने भी लोगों से सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की है। इस बार की होली में भोपाल रंग, संगीत और उत्साह से सराबोर नजर आएगा।
