, ,

कैलाश विजयवर्गीय की चेतावनी, बोलें- “लव-जिहाद करने वालों को ऐसा सबक सिखाओ कि कांप उठें”

Author Picture
Published On: 8 July 2025

भोपाल | मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने लव जिहाद को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाज में फैल रही इस विकृति पर सतत निगरानी रखें और ऐसी ताकतों को सबक सिखाएं, ताकि कोई दोबारा ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे। विजयवर्गीय सोमवार को इंदौर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा की भूमिका केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज की रक्षा और राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

उन्होंने कहा, “यदि हमारे शहर में लव जिहाद जैसी घटनाएं होती हैं और हम चुप रहते हैं, तो हमें शर्म से डूब मरना चाहिए। समाज की रक्षा करना, सामाजिक समरसता बनाए रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। हमें ऐसी घटनाओं पर ऐसा जवाब देना चाहिए कि लोग सौ बार सोचें, ऐसी हरकत करने से पहले।”

16 जून को FIR दर्ज

यह बयान उस समय आया है जब इंदौर में कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी पर लव जिहाद और हिंदू लड़कियों को देह व्यापार में धकेलने का आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में 16 जून को FIR दर्ज की थी। इससे पहले 13 जून को पुलिस ने साहिल शेख और अल्ताफ नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनकी पूछताछ में कांग्रेस पार्षद की संलिप्तता उजागर हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, पार्षद कादरी ने दोनों आरोपियों को हिंदू युवतियों से दोस्ती और विवाह के जरिए धर्म परिवर्तन कराने और बाद में उन्हें देह व्यापार में धकेलने के लिए उकसाया था। इसके बदले में अल्ताफ को 1 लाख और साहिल को दो लाख रुपये देने की बात कही गई थी, जिसमें से आधी रकम उन्हें पहले ही दी जा चुकी थी।

इंदौर कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया

इंदौर कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कादरी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) भी लगा दी है। फिलहाल वह फरार है। सभा के दौरान विजयवर्गीय ने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को केवल आंदोलनों और नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने एक कार्यकर्ता का उदाहरण देते हुए कहा कि उसने घर-घर जाकर पता लगाया कि किसका आयुष्मान कार्ड या राशन कार्ड नहीं बना है, और फिर सबको लाभ दिलाया।

विजयवर्गीय ने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहना होगा, जनता से लगातार संपर्क में रहना होगा और पोलिंग बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना होगा। “जब बूथ मजबूत होते हैं, तो चुनाव अपने आप आसान हो जाता है,” उन्होंने कहा।

इंदौर में भाजपा की यह आंतरिक बैठक नए प्रदेशाध्यक्ष के आगमन पर आयोजित की गई थी, जिसमें संगठन की रणनीति के साथ सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp