, ,

खुरई की घटना पर पूर्व CM कमलनाथ ने जताया गहरा दुख, बोले “किसान की मौत पर सत्ता क्यों है मौन”

Author Picture
Published On: 27 July 2025

भोपाल | पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सागर जिले के खुरई में हुई दिल दहला देने वाली घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सरकार से तत्काल निष्पक्ष जांच की मांग की है। कमलनाथ ने कहा, “एक किसान ने जब अपनी मां और दो बच्चों के साथ जहर पीकर जान दी, तो क्या यह सिर्फ एक पारिवारिक विवाद है? या फिर यह उस गहरे सामाजिक और आर्थिक संकट का संकेत है, जिससे आज प्रदेश का किसान गुजर रहा है?” उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार बनी रहती, तो आज राज्य के हर किसान को कर्जमुक्ति का पूरा लाभ मिल चुका होता। “हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था, लेकिन सत्ता बदलने के बाद किसानों की सुध किसी ने नहीं ली। जो सरकार किसान की पीड़ा नहीं समझ सकती, वह उसकी समस्याएं क्या हल करेगी?”

किसान ने की सामूहिक आत्महत्या

सागर जिले के खुरई तहसील के टीहर गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। शुक्रवार शाम 42 वर्षीय किसान मनीष लोढ़ी ने अपनी 70 वर्षीय मां फूलवती, 18 वर्षीय बेटी शिवानी और 16 वर्षीय बेटे अंकित के साथ जहर पी लिया। सभी को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां मां और बेटे को मृत घोषित कर दिया गया। बेटी शिवानी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि मनीष की हालत नाजुक बनी हुई है।

छोड़ा सुसाइड नोट

मनीष ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे का जिक्र किया गया है। जानकारी के अनुसार, मनीष का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था और उसने 3 दिन पहले पत्नी को मायके भेज दिया था। यह भी बताया गया कि मनीष का अपने भाई और बहनों के साथ कुछ संपत्ति को लेकर विवाद था। कहा जा रहा है कि भाई द्वारा रुपए फेंक कर चले जाओ जैसी बातों से मनीष बेहद आहत था।

मामला दर्ज

पड़ोसियों के अनुसार शुक्रवार को मनीष ने अपने परिजनों को बुलाकर खुद जहर पीने की जानकारी दी। उसने पत्नी के घर जाकर उसे भी बुलाने को कहा, लेकिन वह नहीं आई। यह पारिवारिक झगड़ा कब एक सामूहिक मौत में बदल गया, कोई समझ नहीं पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp