,

भोपाल में फ्लोटिंग स्टेज से खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ, खेल और तकनीक का अनोखा संगम

Author Picture
Published On: 8 January 2026

MP में 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के अवसर पर खेलों के क्षेत्र में नया इतिहास रचना जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के बड़े तालाब में फ्लोटिंग स्टेज से खेलो एमपी यूथ गेम्स का उद्घाटन करेंगे। यह देश में पहली बार होगा, जब किसी राज्य स्तरीय यूथ स्पोर्ट्स इवेंट का शुभारंभ फ्लोटिंग स्टेज पर किया जाएगा। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को बड़े तालाब स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी पहुंचकर समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम में अधिकतम खेल प्रेमियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री 12 जनवरी को शाम 6 बजे मुख्य अतिथि के रूप में शुभारंभ करेंगे।

शुभारंभ समारोह में 4K वॉटर प्रोजेक्शन, हाई-क्वालिटी विजुअल डिस्प्ले, टॉर्च लाइटिंग और फायर वर्क का शानदार आयोजन होगा। 20 फीट ऊंची ‘लार्जर दैन लाइफ’ जर्सी भी समारोह का आकर्षण होगी। मुख्यमंत्री द्वारा खेलो एमपी यूथ गेम्स का लोगो, मैस्कॉट, एंथम और आधिकारिक जर्सी का लोकार्पण किया जाएगा।

भोपाल की पहचान

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल का उत्सव नहीं, बल्कि भोपाल की ताल-तलैयों की नगरी के सौंदर्य और संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर है। समारोह प्रदेश की युवाशक्ति और खेल संस्कृति का प्रतीक बनेगा। पहली बार खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघ मिलकर यूथ गेम्स का आयोजन कर रहे हैं। मंत्री ने इसे खेल विभाग का नवाचारी कदम बताया। इस मंच से भविष्य की राज्य टीमों के चयन में पारदर्शिता आएगी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही होगी।

28 खेलों के लिए चरणबद्ध चयन प्रक्रिया

यूथ गेम्स की चयन प्रक्रिया ब्लॉक स्तर (12–16 जनवरी), जिला स्तर (16–20 जनवरी), संभाग स्तर (21–25 जनवरी) और राज्य स्तर (28–31 जनवरी) में आयोजित होगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, ग्वालियर, सागर और नर्मदापुरम में प्रस्तावित हैं। 313 विकासखंडों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। प्रतियोगिताओं का आयोजन उस क्षेत्र में किया जाएगा, जहां संबंधित खेल की परंपरा और लोकप्रियता अधिक है। इससे खिलाड़ियों को स्थानीय खेलों में बढ़त मिलेगी और प्रतियोगिता का उत्साह बढ़ेगा। खेलो एमपी यूथ गेम्स युवा प्रतिभाओं के लिए एक सशक्त और प्रेरक मंच साबित होगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp