, ,

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस: 3 दिन तक रंग-बिरंगा जलसा, जुबिन नौटियाल से लेकर ड्रोन शो तक धूम

Author Picture
Published On: 31 October 2025

मध्यप्रदेश अपने 68वें स्थापना दिवस को इस बार कुछ खास अंदाज़ में मनाने जा रहा है। तीन दिन तक पूरे भोपाल में जश्न का माहौल रहेगा। कार्यक्रमों की शुरुआत 1 नवंबर को लाल परेड ग्राउंड से होगी, जहां पहले दिन शाम को 2000 ड्रोन आसमान में उड़कर प्रदेश की ‘विरासत से विकास’ की कहानी दिखाएंगे। इसी शाम मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल अपने गानों से लोगों का दिल जीतेंगे। स्थापना दिवस के मौके पर उज्जैन से एक खास पहल भी शुरू होगी… पर्यटन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंच से कई बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। इस साल का आयोजन ‘उद्योग एवं रोजगार वर्ष’ थीम पर रखा गया है, ताकि प्रदेश की तरक्की, संस्कृति और जनभागीदारी को एक साथ जोड़ा जा सके।

पहले दिन शाम 6:30 बजे से मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा। 2000 ड्रोन आसमान में मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक झलकियां दिखाएंगे। इसके बाद 500 कलाकारों की प्रस्तुति ‘विश्ववंद श्रीकृष्ण की सांगीतिक यात्रा’ होगी। फिर मंच पर आएंगे जुबिन नौटियाल, जिनके गानों के साथ आतिशबाजी का नजारा भी देखने को मिलेगा।

हंसराज रघुवंशी का शो

दूसरे दिन उज्जैन की संस्था ‘विशाला सांस्कृतिक समिति’ ऐतिहासिक नाट्य ‘सम्राट विक्रमादित्य’ का मंचन करेगी। यह नाटक प्रदेश की गौरवशाली परंपरा और सुशासन की झलक दिखाएगा। रात को हिमाचल के मशहूर गायक हंसराज रघुवंशी अपने गानों से समा बांधेंगे। तीसरे दिन यानी 3 नवंबर को एक बार फिर ‘सम्राट विक्रमादित्य’ का मंचन होगा और अंत में बॉलीवुड सिंगर स्नेहा शंकर अपनी प्रस्तुति देंगी।

लोकनृत्य भी आकर्षण का केंद्र

तीनों दिन ‘एक जिला-एक उत्पाद’ शिल्प मेला, ‘स्वाद’ व्यंजन मेला और ‘विकसित मध्यप्रदेश 2047’ प्रदर्शनी लगाई जाएगी। दोपहर में जनजातीय नृत्य जैसे करमा, भगोरिया और मोनिया की धुनों पर कलाकार थिरकेंगे। स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश के कर्मचारी भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव महंगाई भत्ते से जुड़ी राहत दे सकते हैं। दिवाली पर जो ऐलान नहीं हुआ, वह अब इस समारोह में हो सकता है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp