MP सरकार ने सोमवार देर रात प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई सीनियर IPSअफसरों के तबादले कर दिए। इससे पहले राज्य में आईपीएस अफसरों के तबादले हुए थे और अब आईएएस अफसरों की लिस्ट भी जारी कर दी गई है। इसमें इंदौर, जबलपुर जैसे बड़े संभागों के कमिश्नर और कलेक्टर स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
बड़े पदों पर हुए बदलाव
जनसंपर्क आयुक्त सुदाम खाड़े को इंदौर संभाग का नया कमिश्नर बनाया गया है। वहीं जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना अब जनसंपर्क आयुक्त होंगे। इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को उज्जैन संभाग का कमिश्नर बनाया गया है। इंदौर कमिश्नर दीपक सिंह को राज्य निर्वाचन आयोग में सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गृह विभाग में सचिव का पद अब अभिषेक सिंह संभालेंगे। वे इससे पहले राज्य निर्वाचन आयोग में सचिव थे।
कलेक्टरों की नई नियुक्ति
सरकार ने कई जिलों के कलेक्टरों को भी बदला है। शिवम वर्मा इंदौर के नए कलेक्टर होंगे। आगर मालवा कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को जबलपुर का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। बड़वानी कलेक्टर गुंचा सनोबर को हटा दिया गया है और उनकी जगह जयती सिंह को नई कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव के पद पर कार्यरत आशीष तिवारी को कटनी का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं जबलपुर नगर निगम कमिश्नर प्रीति यादव को आगर मालवा का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक हलचल तेज
इस तबादला सूची के साथ ही प्रदेश में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। इंदौर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में कलेक्टर बदलने से प्रशासनिक प्राथमिकताओं में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। इंदौर जैसे महत्वपूर्ण जिले में शिवम वर्मा की तैनाती को लेकर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
