,

भोपाल में आधी रात बड़ा पुलिस ऑपरेशन: ईरानी डेरे पर छापा, 39 गिरफ्तार, एक करोड़ का सोना जब्त

Author Picture
Published On: 12 February 2026

भोपाल में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात पुलिस ने बड़े स्तर पर कॉम्बिंग गश्त चलाते हुए ईरानी डेरे पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। करीब 400 पुलिसकर्मियों की टीम ने रात दो बजे अचानक दबिश दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ऑपरेशन को पूरी गोपनीयता के साथ अंजाम दिया गया, ताकि आरोपियों को भागने का मौका न मिले।

कार्रवाई के दौरान 31 पुरुष और 8 महिलाओं सहित कुल 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 644 ग्राम से अधिक सोना जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। जब्त किए गए आभूषणों के संबंध में दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

भोपाल पुलिस ऑपरेशन

ईरानी डेरे पर कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने पूरे शहर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 283 स्थायी वारंटी और 125 गिरफ्तारी वारंटी तामील कर कुल 408 आरोपियों को पकड़ा गया। ये सभी आरोपी चोरी, नकबजनी, चेन स्नेचिंग और वाहन चोरी जैसे गंभीर अपराधों में फरार चल रहे थे।

पुलिस के अनुसार, ईरानी गैंग लंबे समय से कई राज्यों में सक्रिय था। गिरोह का सरगना राजू ईरानी पहले ही सूरत से गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान समेत छह राज्यों में वारदातों को अंजाम देता रहा है।

पुराने मामलों की भी जांच शुरू

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई पुराने मामलों का खुलासा हो सकता है। जब्त सोने और अन्य सामान की पहचान के लिए फरियादियों से संपर्क किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कॉम्बिंग गश्त और वारंट तामील अभियान को लगातार चलाया जाएगा, ताकि फरार अपराधियों पर नकेल कसी जा सके।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp